श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, देश में सबसे गर्म शहर:दोपहर में सड़के सूूनी, 2 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, 50 डिग्री हो सकता है तापमान

श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, देश में सबसे गर्म शहर:दोपहर में सड़के सूूनी, 2 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, 50 डिग्री हो सकता है तापमान
श्रीगंगानगर जिले में गर्मी का कहर अपने चरम पर है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म स्थान और दुनिया में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। पहले स्थान पर पाकिस्तान का जैकोबाबाद रहा, जहां तापमान 50.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इस साल की यह सबसे भीषण गर्मी मानी जा रही है, जिसमें दिन के साथ-साथ रातें भी तप रही हैं। शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों के नींद और आराम दोनों छिन गए। गर्मी ने जिले के तापमान इतिहास में नई परत जोड़ दी है। इससे पहले 14 जून 1934 को श्रीगंगानगर का तापमान 50 डिग्री तक पहुंचा था। शुक्रवार को 49.4 डिग्री दर्ज होने के साथ यह 91 साल पुराने रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया। वहीं पिछले दिनों भी गर्मी ने रफ्तार नहीं छोड़ी - ​​​​​​​ गर्मी से जनजीवन बेहाल, बाजार से लेकर खेत तक सन्नाटा तेज लू और झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों को घरों में बंद रहने पर मजबूर कर दिया है। दोपहर 12 से 5 बजे के बीच बाजार सुनसान नजर आते हैं। सब्जी-फल विक्रेता अपने सामान को जूट के गीले थैलों से ढंककर गर्मी से बचा रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि ग्राहकों की आवाजाही केवल शाम 6 बजे के बाद ही शुरू होती है, जब अधिकांश दुकानें बंद करने की तैयारी में होती हैं। खेती पर भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। कृषि अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी है कि इस मौसम में किसी भी प्रकार की बुवाई न करें क्योंकि इतना अधिक तापमान अंकुरण को रोकता है। अस्पतालों में भीड़, चर्म रोग और लू के मरीजों में बढ़ोतरी राजकीय जिला चिकित्सालय समेत निजी अस्पतालों में चर्म रोग, डिहाइड्रेशन, लू और कमजोरी से पीड़ित मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। चर्म रोग विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक तापमान के चलते सनबर्न, फोटोडर्माइटिस और एलर्जी के मामले तेजी से बढ़े हैं। धूप के संपर्क में आने से त्वचा जलना, चकत्ते पड़ना और सूजन आम बात हो गई है। वही डॉक्टरों का कहना है कि खाली पेट धूप में निकलना लू का मुख्य कारण बन रहा है। लू लगने पर रोगी को छायादार जगह पर लेटाएं, हल्के कपड़े पहनाएं और जीवन रक्षक तरल जैसे आम पना, ओआरएस, छाछ या नींबू पानी पिलाएं। राजकीय जिला अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि “लू और हीट स्ट्रोक के मरीज रोज आ रहे हैं। आमजन सुबह 11 से शाम 5 बजे तक बाहर निकलने से बचें। शरीर पूरी तरह ढका हो, हल्के रंग और सूती कपड़ों का उपयोग करें। ज्यादा भीड़ और गर्म बंद स्थानों से दूर रहें।" मौसम विभाग का अलर्ट, तापमान 50 डिग्री तक जा सकता है मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भीषण गर्मी के चलते रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि तापमान 50 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर सकता है। आगामी 48 घंटे बेहद संवेदनशील बताए गए हैं। प्रशासन ने भी सरकारी अस्पतालों व जनसेवा केंद्रों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।