विकसित कृषि संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ:किसानों को मिली वैज्ञानिक तरीके से खेती की सलाह ,कुड़की और कानूजा गांव से हुई शुरुआत

विकसित कृषि संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ:किसानों को मिली वैज्ञानिक तरीके से खेती की सलाह ,कुड़की और कानूजा गांव से हुई शुरुआत
काजरी जोधपुर, कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर एवं कृषि विज्ञान केंद्र रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का भव्य शुभारंभ हुआ। यह अभियान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में कुड़की एवं कानूजा गांव से शुरू किया गया। काजरी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमेन्द्र ने किसानों को कम लागत में संतुलित इनपुट द्वारा अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने के उपाय बताए। उन्होंने बागवानी फसलों के माध्यम से आमदनी बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया। मृदा वैज्ञानिक डॉ. ओमप्रकाश मीणा ने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए देशी खाद, मृदा स्वास्थ्य कार्ड की महत्ता तथा मिट्टी नमूना लेने की सही विधियों की जानकारी दी। कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर के डॉ. बीआर चौधरी एवं कृषि अनुसंधान केंद्र की सहायक आचार्य डॉ. ललिता ने खरीफ फसलों में होने वाले प्रमुख रोगों और कीटों की पहचान तथा उनके रासायनिक एवं जैविक समाधान प्रस्तुत किए। किसानों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किया प्रेरित कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र रायपुर की विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. निधि ने अभियान के उद्देश्यों को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर वैज्ञानिक विधियों से खेती करें और कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें। उद्यानिकी विभाग से कृषि अधिकारी शिवराज सिंह ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और किसानों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। यह अभियान क्षेत्र के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से खेती को बढ़ावा देने और कृषि आय में वृद्धि हेतु एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। यह अभियान देशभर में 29 मई से 12 जून तक चलाया जा रहा है।