वर्ल्ड अपडेट्स:ऑस्ट्रेलिया की मुस्लिम सांसद फातिमा का आरोप- साथी सांसद ने शराब पीने और टेबल पर चढ़कर नाचने को कहा

वर्ल्ड अपडेट्स:ऑस्ट्रेलिया की मुस्लिम सांसद फातिमा का आरोप- साथी सांसद ने शराब पीने और टेबल पर चढ़कर नाचने को कहा
ऑस्ट्रेलिया की एक महिला सांसद फातिमा पेमन ने एक सीनियर पुरुष सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक कार्यक्रम के दौरान सांसद ने उनके साथ अश्लील और नस्लीय टिप्पणी की। एबीसी न्यूज के मुताबिक, फातिमा ने कहा कि सांसद नशे में था। उसने उन्हें शराब पीने और टेबल पर नाचने को कहा। इस पर उन्होंने सांसद को हद में रहने को कहा और बाद में संसद में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। फातिमा ने उस सांसद के नाम का खुलासा नहीं किया है। फातिमा मुस्लिम हैं और अफगान मूल की हैं। फातिमा 2022 में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया से लेबर पार्टी की सीनेटर चुनी गई थीं और उस समय सबसे कम उम्र की सांसद थीं। फातिमा ने साल 2024 में लेबर पार्टी छोड़ दी थी, क्योंकि उनकी पार्टी फिलिस्तीन को एक अलग देश मानने के खिलाफ थी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें.... ईरान ने इस साल अब तक 113 लोगों को फांसी दी, साल के अंत तक 1000 को फांसी हो सकती है ईरानी अधिकारियों ने मई 2025 के पहले 25 दिनों में कम से कम 113 लोगों को फांसी दी है। ह्यूमन राइट्स वॉच ने इसके बारे में जानकारी दी। वहीं, ओस्लो स्थित संगठन ईरान ह्यूमन राइट्स के मुताबिक, ईरान ने 2025 में अब तक 478 लोगों को फांसी दी। यह 2024 के मुकाबले 75% ज्यादा है।अगर यह रुझान जारी रहा तो इस साल के अंत तक 1,000 से ज्यादा लोग, जिनमें अल्पसंख्यक समुदाय, राजनीतिक विरोधी, और नशीली दवाओं से जुड़े आरोपी शामिल हैं, जिनको फांसी दी जा सकती है। अप्रैल में फांसी पाने वाले 110 लोगों में तीन महिलाएं, चार अफगान नागरिक, 36 बलूच और 6 कुर्द कैदी शामिल थे।ह्यूमन राइट्स वॉच के अंतरिम एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर फेडेरिको बोरेलो ने कहा- 2025 के पहले पांच महीनों में ईरानी अधिकारियों ने औसतन हर दिन कम से कम तीन लोगों को फांसी दी है। रूसी विदेश मंत्री बोले- रूस जल्द यूक्रेन के साथ अगले दौर की सीधी बातचीत की घोषणा करेगा रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को कहा कि रूस जल्द ही यूक्रेन के साथ अगले दौर की सीधी बातचीत की घोषणा करेगा। लावरोव ने बताया कि यूक्रेन का न्यूट्रल दर्जा रूस की प्रमुख मांगों में से एक है। वेटिकन में वार्ता की मेजबानी की खबरों पर लावरोव ने कहा कि यह वेटिकन के लिए असुविधाजनक होगा, क्योंकि रूस और यूक्रेन दोनों ऑर्थोडॉक्स देश हैं। वहीं, लावरोव ने जर्मनी को यूरोप की सबसे मजबूत सेना बनाने के प्रयास को चिंताजनक बताया और 20वीं सदी के विश्व युद्धों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जर्मनी ने पहले भी दो बार सैन्य शक्ति के रूप में तबाही मचाई थी। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से जर्मनी अपनी सेना को मजबूत करने में हिचकिचाता रहा है और नाटो सहयोगी देश सुरक्षा के लिए अमेरिका पर निर्भर रहे हैं। बर्लिन, यूक्रेन का सबसे बड़ा समर्थक है, जो तीन साल से अधिक समय से रूस के हमले का सामना कर रहा है। लावरोव ने मॉस्को में एक सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि जर्मनी की सैन्य महत्वाकांक्षा लोगों को पिछले युद्धों की याद दिलाती है। इस सम्मेलन में अमेरिकी दूतावास का प्रतिनिधिमंडल भी पहली बार शामिल हुआ। जर्मनी ने हाल ही में लिथुआनिया में 5,000 सैनिकों की बख्तरबंद ब्रिगेड तैनात की है, जो 2022 में रूस के यूक्रेन पर हमले के जवाब में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार विदेश में जर्मन सैनिकों की स्थायी तैनाती है। इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री बोले- गाजा में प्राइवेट राजनीतिक युद्ध हो रहा है; निर्दोष फिलिस्तीनियों की हत्या की जा रही इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट ने कहा है कि इजराइल गाजा में युद्ध अपराध (वॉर क्राइम) कर रहा है। वहां निर्दोष फिलिस्तीनियों की हत्या की जा रही है और कई इजराइली सैनिक भी मारे जा रहे हैं। ओल्मर्ट 2006 से 2009 तक इजराइल के 12वें प्रधानमंत्री थे। उन्होंने एक आर्टिकल में लिखा- इजराइल की सरकार वर्तमान में बिना मकसद, बिना टारगेट और बिना स्पष्ट योजना के युद्ध लड़ रही है, जिसके सफल होने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने आगे लिखा- इजराइल के बनने के बाद से कभी ऐसा युद्ध नहीं लड़ा गया। बेंजामिन नेतन्याहू के लीडरशिप वाली क्रिमिनल सरकार ने इस इलाके ऐसा काम किया है, जिसकी कोई दूसरी मिसाल नहीं है। ओल्मर्ट ने लिखा- गाजा में हाल की कार्रवाइयों का युद्ध से कोई लेना-देना नहीं है। यह अब एक प्राइवेट राजनीतिक युद्ध है। इसका मकसद गाजा को इंसानियत के लिए संकट पैदा करना है। थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों ने गलतफहमी की वजह से एक-दूसरे पर गोलीबारी की, अभी हालात सामान्य थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों ने बुधवार को विवादित बॉर्डर इलाके में एक-दूसरे पर गोलीबारी की। थाईलैंड की सेना का कहना है कि कंबोडियाई सैनिक विवादित क्षेत्र में घुस आए थे। थाई सैनिक बातचीत के लिए वहां गए, लेकिन गलतफहमी की वजह से कंबोडियाई सैनिकों ने गोली चला दी, जिसके जवाब में थाई सैनिकों ने भी गोलीबारी की। कंबोडिया की सेना के प्रवक्ता माओ फल्ला ने कहा कि जब थाई सैनिकों ने गोलीबारी शुरू की तब उनके सैनिक बॉर्डर पर रूटीन गश्त कर रहे थे। दोनों सेनाओं में करीब 10 मिनट कर झड़प चली। बाद में दोनों पक्षों के स्थानीय कमांडर ने बातचीत कर सीजफायर का आदेश दिया। थाई सेना ने कहा कि उनकी ओर कोई हताहत नहीं हुआ, जबकि कंबोडियाई अधिकारी ने बताया कि उनकी ओर से हताहतों की तत्काल कोई जानकारी नहीं है। थाई रक्षा मंत्री फुमथम वेचायचाई ने कहा कि हालात सामान्य हो गए हैं। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद का लंबा इतिहास रहा है। सबसे बड़ा विवाद प्रिया विहार नामक 1,000 साल पुराने मंदिर के आसपास के इलाके को लेकर है, जिसे 2008 में यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र के इंटरनेशनल कोर्ट ने 2013 में इस इलाके पर कंबोडिया को अधिकार माना था। ईरान की यात्रा पर गए तीन भारतीय युवक लापता, युवक की मां ने फिरौती मांगने का दावा किया ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को बताया कि तीन भारतीय नागरिक ईरान की यात्रा के बाद लापता हो गए हैं। दूतावास ने ईरानी अधिकारियों से इन लापता भारतीयों को ढूंढने की अपील की। भारतीय दूतावास ने X पर कहा- लापता लोगों के परिवारों ने भारतीय दूतावास को सूचित किया है कि उनके रिश्तेदार ईरान यात्रा के बाद लापता हैं। दूतावास ने इस मामले को ईरानी अधिकारियों के सामने उठाया है और मांग की है कि लापता लोगों को जल्दी ढूंढा जाए। दूतावास ने यह भी बताया कि वह लापता लोगों के परिवारों को उनकी तलाश के लिए किए जा रहे कोशिशों के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है।इस बीच एक लापता युवक की मां ने दावा किया कि उनके बेटे को वहां अगवा कर लिया गया है और अपहरणकर्ताओं ने उनकी रिहाई के लिए फिरौती मांगी है। ये तीनों युवक पंजाब के संगरूर के रहने वाले हैं। बांग्लादेश में 2026 तक होंगे चुनाव, BNP ने देरी से अशांति बढ़ने की चेतावनी दी; यूनुस के जापान यात्रा पर सवाल उठाए बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने देश के अंतरिम नेता डॉ. मुहम्मद यूनुस की चुप्पी पर नाराजगी जताई है। यूनुस ने दिसंबर 2025 तक राष्ट्रीय चुनाव कराने की बात कही थी, लेकिन अब सरकार ने जून 2026 तक चुनाव कराने के संकेत दिए है। यूनुस सरकार के इस फैसले के बाद बीएनपी ने चेतावनी दी कि देरी से अशांति बढ़ सकती है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि देरी से देश में राजनीतिक अस्थिरता आ सकती है। हाल ही में सरकारी कर्मचारियों के लिए सख्त नियमों वाला एक नया अध्यादेश लाया गया, जिसके खिलाफ विरोध हुआ था। नए नियमों के तहत बिना औपचारिक कार्यवाही के कर्मचारियों पर तेजी से कार्रवाई हो सकती है और सात दिन में शो-कॉज नोटिस जारी होगा। हालांकि, सरकार के साथ बातचीत शुरू होने के बाद विरोध प्रदर्शन रुक गए हैं, लेकिन तनाव बना हुआ है। सेना प्रमुख जनरल वाकर-उज-जमान और नौसेना व वायुसेना प्रमुखों ने यूनुस से मुलाकात कर इस साल दिसंबर तक चुनाव कराने की जरूरत पर जोर दिया। इस बीच, यूनुस का 28 से 30 मई तक जापान का दौरा करने का फैसला भी आलोचना का विषय बना है। बांग्लादेश इस दौरे में जापान के साथ 1.074 अरब डॉलर के दो बड़े लोन समझौतों पर हस्ताक्षर करेगा। इंसानी हड्डियों से बने ड्रग की तस्कर करती थी 21 साल की ब्रिटिश लड़की , श्रीलंका में गिरफ्तार श्रीलंका में एक 21 साल की ब्रिटिश लड़की को इंसानी हड्डियों से बने सिंथेटिक ड्रग की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फ्लाइट अटेंडेट रह चुकी चार्लोट मे ली लगभग 45 ग्राम ड्रग के साथ पकड़ी गई है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक उसे इसी महीने की शुरुआत में राजधानी कोलंबो के भंडारनायके एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था। चार्लोट की 25 साल की सजा हो सकती है। उसके पास से बरामद हुए ड्रग की कीमत करीब 28 करोड़ रुपए है। लड़की ने दावा किया है कि उसे बिना बताए उसके बैग में यह ड्रग रखा गया था। बांग्लादेश छोड़ने से पहले शेख हसीना के आखिरी शब्द- मुझे यहीं गोली मार दो और गण-भवन में दफना दो "मुझे यहीं गोली मार दो और गण-भवन में दफना दो।" बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने यह शब्द 5 अगस्त 2024 को कहे थे, जब सेना ने उन्हें इस्तीफा देने को कहा था। प्रोथोम अलो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य अभियोजक मोहम्मद ताजुल इस्लाम ने अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण में सुनवाई के दौरान यह खुलासा किया । दरअसल, बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में कोटा सिस्टम को लेकर छात्रों का हिंसक प्रदर्शन जारी था। जिसके बाद 4 अगस्त 2024 को गण-भवन में एक बैठक हुई। जिसमें तत्कालीन रक्षा सलाहकार मेजर जनरल (रिटायर्ड) तारिक अहमद सिद्दीकी ने हसीना को इस्तीफा देने का सुझाव दिया, लेकिन हसीना ने गुस्से में इसे ठुकरा दिया और सेना प्रमुख को प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने को कहा। 5 अगस्त को जब प्रदर्शन बेकाबू हो गए, सेना और पुलिस अधिकारियों ने हसीना के साथ एक और बैठक की। पुलिस ने बताया कि उनके पास हथियार और गोला-बारूद की कमी थी। सेना के अधिकारियों ने फिर से हसीना से इस्तीफा देने को कहा। गुस्से में हसीना ने जवाब दिया, तो मुझे यहीं गोली मार दो और गणभवन में दफना दो। हालात ज्यादा बिगड़ने पर हसीना के बेटे ने सजीब वाजेद ने उन्हें इस्तीफा देने के लिए मनाया। जिसके बाद हसीना बांग्लादेश छोड़ भारत आ गई। ट्रम्प ने कनाडा को फिर दिया 51वां स्टेट बनने का ऑफर, कहा- फ्री में गोल्डन डोम दे दूंगा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर से कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनने का ऑफर दिया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर कहा कि अगर कनाडा अमेरिका का हिस्सा बन जाता है तो उसे एयर डिफेंस सिस्टम गोल्डन डोम शामिल होने के लिए कोई पैसा नहीं देना होगा। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, अगर कनाडा अलग देश बना रहता है, तो उसे 61 अरब डॉलर (5 लाख करोड़ से ज्यादा) खर्च करने होंगे। लेकिन अगर वह अमेरिका का 51वां राज्य बन जाता है, तो उसे एक भी डॉलर नहीं देना होगा। ट्रम्प ने यह भी लिखा कि कनाडा, इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले हफ्ते गोल्डन डोम बनाने का ऐलान किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें... कनाडाई PM मार्क कार्नी ने माना है कि उनकी सरकार इस डिफेंस सिस्टम में शामिल होने के लिए अमेरिका से बातचीत कर रही है। उन्होंने पिछले हफ्ते कहा था कि वे अमेरिका के साथ मिलकर एक नई डिफेंस सिक्योरिटी में शामिल होने के लिए बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा- कनाडा के लिए सुरक्षा होना अच्छी बात है। अगर जरूरत पड़ी तो हम सहयोग करेंगे। लेकिन जरूरी नहीं कि हर हाल में ऐसा करें। ताइवान के पास चीनी सैन्य गतिविधि तेज, 31 विमान और 9 युद्धपोत देखे गए ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि चीन की सेना ने ताइवान के पास सैन्य दबाव और बढ़ा दिया है। ताइवान की हवाई क्षेत्र और आसपास के इलाकों में चीन के 31 सैन्य विमान, 1 पोत और 9 नौसैनिक जहाज देखे गए हैं। इनमें से 22 विमान ताइवान स्ट्रेट की मीडियन लाइन पार कर ताइवान के उत्तरी, मध्य, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में घुसे। मंत्रालय ने कहा कि ताइवान की सेना ने हालात पर नजर रखी और जवाबी कार्रवाई की। एक दिन पहले भी MND ने बताया था कि 61 चीनी विमानों ने सुबह 8:15 बजे तक उड़ान भरी और कई ने मीडियन लाइन पार की थी। इसके साथ ही कई नौसैनिक जहाज भी देखे गए थे। बढ़ते खतरे के बीच ताइवान की सेना युद्ध तैयारी को प्राथमिकता दे रही है। रक्षा मंत्री वेलिंगटन कू के अनुसार, नए हथियारों के साथ सैनिकों को नए प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने कहा कि देश को लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा और हथियारों का भंडार बनाना जरूरी है बांग्लादेश के चीफ एडवाइजर यूनुस 4 दिन के जापान दौरे पर रवाना, 1 अरब डॉलर के लोन पर बात करेंगे बांग्लादेश के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस मंगलवार को चार दिन के आधिकारिक दौरे पर जापान रवाना हुए। वे टोक्यो में निक्केई फोरम में हिस्सा लेंगे और जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा से मुलाकात करेंगे। बांग्लादेश जापान से 1 अरब डॉलर का सॉफ्ट लोन चाहता है, जिसमें 500 मिलियन डॉलर बजट के लिए और 250 मिलियन डॉलर रेलवे क्षेत्र के लिए मांगे गए हैं। द्विपक्षीय बातचीत के बाद औपचारिक रूप से घोषित होगी। यात्रा के दौरान कुशल श्रमिकों को जापान भेजने पर भी चर्चा होगी। सरकार का लक्ष्य है कि 1 लाख प्रशिक्षित कामगार भेजे जाएं। इसके लिए भाषा और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अमेरिका के कनेक्टिकट में मॉल में गोलीबारी, 5 लोग घायल अमेरिका के कनेक्टिकट राज्य के वॉटरबरी शहर में हुई गोलीबारी में 5 लोग घायल हो गए। घटना मंगलवार देर ब्रास मिल सेंटर मॉल में हुई। वॉटरबरी पुलिस प्रमुख फर्नांडो स्पैग्नोलो ने बताया कि सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। हालांकि, उन्होंने घायलों की हालत के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। पुलिस के मुताबिक, हमलावर के पास एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल थी और वह पीड़ितों को जानता था। गोलीबारी से पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। 27 मई के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें...