वंदे गंगा, जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की मुहिम:पीपल का पूजन किया, गुड़हल और अमरूद के पौधे रोप कर पर्यावरण सरंक्षण का दिया संदेश

वंदे गंगा, जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की मुहिम:पीपल का पूजन किया, गुड़हल और अमरूद के पौधे रोप कर पर्यावरण सरंक्षण का दिया संदेश
श्रीगंगानगर में राजस्थान में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर चल रहे ‘‘वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान’’ कार्यक्रम के तहत आज शिवपुर हैड पर विशेष मीडिया फील्ड विजिट का आयोजन किया गया। इस मौके पर पत्रकारों को सरकार की जल संरक्षण नीतियों और जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहलुओं का भी समावेश रहा। कार्यक्रम की शुरुआत जिला परिषद की ओर से निकाली गई कलश यात्रा और पीपल पूजन से हुई, जिसमें स्थानीय महिलाएं और बालिकाएं पारंपरिक राजस्थानी परिधान में शामिल हुईं। मंगल गीतों की गूंज के साथ शिवपुर हैड परिसर में श्रद्धाभाव से पीपल का पूजन किया गया। इसके बाद गुड़हल और अमरूद के पौधे रोप कर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया गया। जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता धीरज चावला ने मीडिया को बताया कि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों के पूर्ण होने पर नहरों में जल की उपलब्धता में इजाफा होगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को डिग्गी निर्माण और जल के समुचित उपयोग के लिए प्रोत्साहित कर रही है ताकि कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी हो। जिला परिषद के एसीईओ हरीराम चौहान ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से जुड़ा जन आंदोलन है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस अभियान को सार्थकता प्रदान की है।