राजस्थान के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट:रांची में स्कूल बंद, भोपाल-इंदौर में आंधी-बारिश की चेतावनी; UP के 40 जिलों में बरसात

राजस्थान के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट:रांची में स्कूल बंद, भोपाल-इंदौर में आंधी-बारिश की चेतावनी; UP के 40 जिलों में बरसात
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री हो गई है। पूर्वी UP के 13 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी है। राजस्थान में बुधवार को मानसून की एंट्री के बाद गुरुवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 4 दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश होगी। मध्यप्रदेश के 54 जिलों में मानसून पहुंच गया है। ग्वालियर और चंबल में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल और इंदौर में आंधी-बारिश की संभावना है। झारखंड में आज बारिश का रेड अलर्ट है। रांची के सभी स्कूल गुरुवार को बंद रहेंगे। बुधवार को खराब मौसम के कारण रांची से 4 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं। मौसम विभाग ने गुरुवार को गुजरात, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ, कर्नाटक और केरल के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 19 जून तक मानसून कहां पहुंचा, मैप से समझिए... केदारनाथ रूट पर लैंडस्लाइड से 2 की मौत, ओडिशा में अलर्ट उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा रूट पर बुधवार को तेज बारिश के चलते लैंडस्लाइड हुई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। ओडिशा के सुंदरगढ़, क्योंझर, झारसुगुड़ा और संबलपुर में बहुत भारी बारिश और समुद्र की स्थिति बहुत खराब होने की संभावना है। इसलिए मछुआरों को इस दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। दिल्ली की हवा 8 महीने बाद सबसे साफ, AQI 81 पहुंचा दिल्ली में प्री-मानसून एक्टिविटी के कारण रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के कारण दिल्ली के लोगों गर्मी से राहत मिली है। साथ ही प्रदूषण भी कम हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में 8 महीने से ज्यादा समय में सबसे साफ हवा दर्ज की गई। ऐसा इसलिए क्योंकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गिरकर 81 पर आ गया, जो इसे संतोषजनक कैटेगरी में रखता है। इससे पहले सबसे साफ हवा 29 सितंबर 2024 को दर्ज की गई थी, जिसमें 76 AQI था। CPCB के मुताबिक 0 से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 से 100 के बीच AQI संतोषजनक, 101 से 200 के बीच AQI मध्यम, 201 से 300 के बीच AQI खराब, 301 से 400 के बीच AQI बहुत खराब और 401 से 500 के बीच AQI गंभीर माना जाता है। देशभर से मौसम की तस्वीरें... अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम... 20 जून: हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश की चेतावनी है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 21 जून: उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी है। राज्यों के मौसम का हाल राजस्थान: जयपुर में सड़कें लबालब; कोटा-बूंदी सहित 7 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश, 27 जिलों में बरसात का अलर्ट राजस्थान में बुधवार को तय समय से 7 दिन पहले ही मानसून की एंट्री हो गई। जयपुर, कोटा, बांसवाड़ा, जालोर, बूंदी, झालावाड़, टोंक सहित कई जिलों में गुरुवार को भी बारिश जारी है। जयपुर के कई इलाकों में बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया। बूंदी के सरकारी हॉस्पिटल में पानी भर गया। बांसवाड़ा में ट्रैक्टर सहित ड्राइवर नदी में बह गया। पूरी खबर पढ़ें... मध्य प्रदेश: इंदौर-भोपाल में बारिश, नीमच में दो बाइक सवार बहे, मंदसौर में सड़कों पर डेढ़ फीट पानी मध्यप्रदेश में मानसून ने अब पूरा प्रदेश कवर कर लिया है। गुरुवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, राजगढ़ और हरदा समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मालवा क्षेत्र में भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर आ गए। नीमच में उफनती पुलिया पार करने के दौरान दो बाइक सवार बह गए। लोगों ने उन्हें बचा लिया। मंदसौर में सड़कों पर डेढ़ फीट तक पानी भर गया है। पूरी खबर पढ़ें... UP: हाथरस में 6 घंटे बारिश, कोतवाली में पानी भरा,मथुरा में प्रेमानंद महाराज ने पदयात्रा रोकी, श्रावस्ती में हथिया कुंडा नाले में बाढ़ यूपी में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बुधवार को ललितपुर और सोनभद्र के रास्ते दस्तक दे दी। अब पूरे प्रदेश में मानसून का असर दिखने लगा है। हाथरस में बुधवार रात 1 बजे से सुबह 7 बजे तक यानी 6 घंटे लगातार बारिश हुई। सड़कें जलमग्न हो गईं। गलियों में जलभराव हो गया। कोतवाली में घुटनों तक पानी भर गया। यहां 8.71 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मथुरा में भी पूरी रात रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसके चलते संत प्रेमानंद महाराज ने पदयात्रा स्थगित कर दी। पूरी खबर पढ़ें... बिहार: पटना समेत 10 जिलों में बारिश, पूरे बिहार में अलर्ट, 25 जिलों में हेवी रेन की संभावना बिहार में अब मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो चुका है। राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश हो रही है। गुरुवार को बिहार के सभी 38 जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 जिलों में ऑरेंज और 13 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें... फल्गु नदी के पानी में फंसे 20 लोग का रेस्क्यू हुआ गयाजी में बीते 2 दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिससे फल्गु नदी का जलस्तर बढ़ गया है। बुधवार देर रात करीब 3 बजे के आसपास नदी में पानी का बहाव तेज हो गया। इससे सिक्सलेन पुल के नीचे पिलर के पास सो रहे 20 लोग नदी की तेज धार में फंस गए। पानी अचानक बढ़ा तो लोग चीखने-चिल्लाने लगे। पूरी खबर पढ़ें... झारखंड: लगातार बारिश से उफान पर कई नदियां,रांची में जल-जमाव, बोकारो में तेनुघाट डैम खोला गया; कहीं सड़क धंसी-कहीं घर में घुसा पानी मंगलवार से लगातार हो रही बारिश से झारखंड का हाल-बेहाल है। स्वर्णरेखा, खरकाई समेत कई नदियां उफान पर हैं। रांची में लगातार बारिश से कई जगह जल-जमाव हो गया है। सड़कों पर पानी भरा है। शहर हो या गांव हर जगह आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रदेश के विभिन्न जिलों में बहने वाली छोटी-बड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, हालांकि अभी ये खतरे के निशान से नीचे हैं। वहीं बोकारो जिले के तेनुघाट डैम के गेट को खोला गया है। धनबाद में मैथन डैम के फाटक भी खोले गए हैं। पूरी खबर पढ़ें... हरियाणा: 2 जिलों में बारिश, 17 जिलों में अलर्ट, आसमानी बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। रेवाड़ी और नूंह में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की बारिश होगी। इन जिलों में गरज चमक के साथ तेज (30–40 किमी प्रति घंटा) हवाएं चलेंगी। पूरी खबर पढ़ें... पंजाब: आठ जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, औसतन 3.6 डिग्री अधिक बढ़ा तापमान मौसम विभाग ने 22 जून तक पंजाब के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 21-22 जून को पंजाब के अधिकतर जिलों में बारिश होगी। 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पंजाब में अधिकतम तापमान में औसतन 3.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य से 1.7 डिग्री कम बना हुआ है। इसी बीच अमृतसर में सुबह हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। पूरी खबर पढ़ें...