मोदी सरकार के 11 साल:सेना को मजबूत किया, किसान-गरीब कल्याण पर फोकस; भारत बना आत्मनिर्भर

हनुमानगढ़ में केन्द्र सरकार के कार्यकाल के नौ जून को 11 वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सांसद सीआर चौधरी मीडियाकर्मियों से रूबरू हुए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सांसद सीआर चौधरी ने मोदी सरकार के 11 सालों को बेमिसाल बताते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी ने 2014 में जिस दिन से प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला तब से उनका एक ही सपना था कि विकसित भारत हो, श्रेष्ठ भारत हो। इसके साथ 2047 तक भारत दुनिया की विश्व शक्ति बने और विकसित राष्ट्र की श्रेणी में आए। हर भारतीय गुणवत्ता का जीवन जिए। अच्छे ढंग से रहे। हर भारतीय के पास 2022 तक अपना पक्का मकान हो। किसान की आमदनी बढ़े, गरीब-युवा को रोजगार मिले। अर्थव्यवस्था मजबूत हो और टेक्नोलॉजी घर-घर तक पहुंचे। बीत 11 साल में मोदी सरकार का हर कदम सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा। मोदी सरकार ने जो भी योजना बनाई उसका केन्द्र बिन्दु या तो किसान, गरीब व्यक्ति या महिलाएं रहीं। मोदी सरकार ने सभी कृषि जिन्सों का समर्थन मूल्य बढ़ाया ताकि देश का अन्नदाता कहलाने वाले किसान को अपने लागत मूल्य से डेढ़ गुणा मिले। देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सेना को शक्तिशाली बनाने का कार्य किया। इन 11 सालों में विशेषतया सैन्य शक्ति पर जोर दिया गया। इसका उदाहरण गत दिनों उस समय देखने को मिला जब आतंकियों की ओर से पहलगाम में किए गए हमले का जवाब देने के लिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों को मात्र 22 मिनट में नष्ट कर दिया। यह मोदी सरकार की शक्ति का परिचय है। आज देश की सभी सीमाएं सुरक्षित हो चुकी हैं और भारत दुनिया का शक्तिशाली राष्ट्र बन चुका है। भारत देश से एक साल में 24 हजार करोड़ रुपए की सैन्य सामग्री विदेशों में एक्सपोर्ट की जाती है जबकि इससे पहले इम्पोर्ट की जाती थी। आज भारत सैन्य दृष्टिकोण से विश्व की शक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, भाजपा नेता अमित सहू व जिला महामंत्री विकास गुप्ता भी मौजूद रहे।