मैथिली समाज; महिलाओं ने किया पूजन, वट वृक्ष को बांधा रक्षा सूत्र

जयपुर | ज्येष्ठ अमावस्या को महिलाओं ने वट सावित्री का व्रत रखकर पति की लंबी उम्र की कामना की। इसी क्रम में, प्रवासी मैथिली महिलाओं की संस्था मैथिली महिला मंच ने मालवीय नगर स्थित पन्नाधाय पार्क में समाज की महिलाओं के साथ सामूहिक पूजा-अर्चना कर वट वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा। मंच की अध्यक्ष बबीता झा ने बताया कि मिथिला में नवविवाहित जोड़ों के लिए यह विशेष दिन होता है। मंच की उपाध्यक्ष ममता झा ने बताया कि सभी महिलाएं पूजा के दौरान महीन सूत से वट वृक्ष की परिक्रमा कर रक्षा सूत्र से वृक्ष को बांधती हैं। मंच की महासचिव आशा झा के अनुसार इस दिन वृक्ष के साथ-साथ विषहारा की भी पूजा की जाती है। इसमें विषहरा को दूध और लावा का भोग लगाया जाता हैं। सामूहिक पूजन में मंच की संगठन मंत्री रेखा ठाकुर, सांकृतिक मंत्री पुष्पा मिश्रा, कार्यकारिणी रानी झा एवं रेणु सिंह, संगीता चौधरी, तुलसी मिश्रा, सुमन झा व कृति संग समाज की अन्य महिलाएं भी शामिल हुईं।