निकुंज में फूलों की छतरी में विराजे राधे सरस बिहारी, फूल बंगले के पदों का गायन कर ठाकुरजी को रिझाया

सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित शुक संप्रदाय आचार्यपीठ श्री सरस निकुंज दरीबा पान में शनिवार को निर्जला एकादशी पर ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकार की नित्य सेवा के साथ विशेष मनोरथ सेवा की गई। शुक संप्रदायाचार्य अलबेली माधुरी शरण महाराज ने ठाकुरजी की लाड़ सेवा की। विभिन्न तरह के पुष्पों से तैयार छतरी के नीचे ठाकुरजी को विराजमान किया गया। दोपहर तक एकादशी की पदावलियों का गायन किया गया। शाम को फूल बंगले के पदों का गायन किया गया। फूल को महल महा मन भावन..., विराजे फूलों के बंगले जुगल सरकार..., जैसे पदों पर परिकर के वैष्णव महानुभावों ने नृत्य कर ठाकुरजी को रिझाया। इस दौरान फूलों और गुलाब जल, केवड़ा जल से सरस परिकर महक उठा। शृंगार आरती दर्शन के साथ विशेष रूप से सागारी सामग्रियों और ऋतु फलों का भोग लगाया गया। यहां भी हुए एकादशी उत्सव... पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथजी मंदिर में महंत सिद्धार्थ गोस्वामी के सान्निध्य में एकादशी उत्सव भक्तिभाव से मनाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग निर्जला एकादशी उत्सव में शामिल हुए। जगतपुरा स्थित श्री कृष्ण बलराम मंदिर में ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक कर हरे नाम कीर्तन किया गया। फूलों से मनोरम श्रृंगार किया गया। चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर जी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में एकादशी उत्सव मनाया गया। ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण कराई गई और फलों का भोग लगाया गया।