नागौर में आज तेज धूप, कल बादल छाएंगे:नौतपा का चौथा दिन, दिन के बाद रातें भी गर्म, न्यूनतम तापमान 30 डिग्री पार

नागौर में आज तेज धूप, कल बादल छाएंगे:नौतपा का चौथा दिन, दिन के बाद रातें भी गर्म, न्यूनतम तापमान 30 डिग्री पार
नागौर में नौतपा का असर साफ देखा जा सकता है। ऐसे में अब दिन के अलावा रात में भी गर्म हवाएं चल रही है। गर्मी बढ़ने से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज व कल हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। दिनभर में उमस इतनी ज्यादा है कि पंखे-कूलर की हवा भी बेअसर रही। लोग अधिकांश समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। उमस व लू के कारण लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। न्यूनतम तापमान इस साल पहली बार 30 डिग्री के पार हो गया है। मंगलवार को भी लोगों को हीटवेव से राहत नहीं मिली। तेज धूप और उमस से हर कोई बेहाल है। दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। नागौर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री और अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री दर्ज किया गया। आज सुबह से तेज धूप निकली हुई है। रेलवे स्टेशन पर सार्वजनिक संस्थाएं रेलयात्रियों को ठंडा पानी पिलाकर राहत दे रही हैं। 29 में को दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना है, हल्के बादल छा सकते हैं। फिलहाल अभी उमस ने लोगों के हाल बेहाल कर दिए है। सुबह से लोग पसीने से तरबतर नजर आने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। 29 मई को बादल छाए रहने के साथ ही तापमान में मामूली गिरावट संभव है। हालांकि उमस और लू चलने की संभावना है।