नागदेड़ा हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार:माउखेड़ी के बीहड़ से पकड़ा गया, अब तक 5 आरोपी पकड़े

नागदेड़ा हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार:माउखेड़ी के बीहड़ से पकड़ा गया, अब तक 5 आरोपी पकड़े
प्रतापगढ़ पुलिस ने नागदेड़ा गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी राहुल धनगर को माउखेड़ी बीहड़ से गिरफ्तार किया है। यह मामला 14 मई 2025 का है। मृतक योगेन्द्र सिंह की पत्नी अंजना कुंवर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों ने योगेन्द्र सिंह को दोपहर में अकेला देखकर धारदार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देशन में गठित टीमों ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें पुखराज सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, संजय सिंह, पिंटू सिंह और रवि शामिल हैं। एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया है। हाल में पकड़ा गया राहुल धनगर (26) मंदसौर जिले के माउखेड़ी का रहने वाला है। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी सहयोग और आसूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अभी भी मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।