केरल हाईकोर्ट का प्रियंका को नोटिस:वायनाड सीट पर जीत चुनौती देने वाली याचिका पर जवाब मांगा; संपत्ति छिपाने का आरोप

केरल हाईकोर्ट ने बुधवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को नोटिस जारी किया है। इसमें वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव में उनकी जीत को चुनौती देने वाली याचिका पर जवाब मांगा है। याचिका भाजपा नेता नव्या हरिदास की ओर से दायर की गई है। उन्होंने वायनाड सीट पर प्रियंका के खिलाफ चुनाव लड़ा था। नव्या का आरोप है कि प्रियंका ने अपने नॉमिनेशन फॉर्म में अपनी और परिवार की संपत्तियों की जानकारी सही नहीं दी। नव्या ने दावा किया कि प्रियंका ने जानबूझकर संपत्ति छिपाई, ताकि चुनाव परिणाम प्रभावित हो। यह भ्रष्ट आचरण (करप्ट प्रैक्टिस) की कैटेगरी में आता है। झूठी जानकारी देकर प्रियंका ने आचार संहिता का भी उल्लंघन किया है। याचिका पर अगली सुनवाई अगस्त में होगी। प्रियंका ने बताया- उनके पास ₹12 करोड़, पति वाड्रा के पास ₹65 करोड़ की संपत्ति चुनावी हलफनामे में प्रियंका गांधी ने 12 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति घोषित की थी। उनके पास 4.24 करोड़ रुपए की चल और 7.74 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां हैं। प्रियंका ने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति का भी ब्योरा दिया था। वाड्रा के पास कुल 65.54 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें 37.9 करोड़ रुपए की चल और 27.64 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां हैं। वायनाड उपचुनाव- राहुल ने सीट छोड़ी, प्रियंका 4 लाख से ज्यादा वोटों से जीतीं राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में दो सीटों रायबरेली और वायनाड से चुनाव जीता था। उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी। उपचुनाव में कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को वायनाड सीट से कैंडिडेट बनाया। यह प्रियंका गांधी का पहला चुनाव था। उन्होंने CPI के सत्यन मोकेरी को 4 लाख 10 हजार वोटों से हराया। भाजपा की नव्या हरिदास (1 लाख 9 हजार वोट) तीसरे नंबर पर रही थीं। ----------------------------------------- प्रियंका गांधी से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें... नई सांसद प्रियंका गांधी के किस्से; 19 की उम्र में मद्रास से पिता के टुकड़े समेटकर लाईं, संसद पहुंचने में लगे 35 साल 28 नवंबर, 2024 को 52 साल की उम्र में प्रियंका गांधी ने लोकसभा सांसद की शपथ ली। इसी के साथ वर्तमान संसद की कार्यवाही में गांधी-नेहरू परिवार की तीन सदस्य शामिल हो गए। 4 लाख 10 हजार वोटों के अंतर से केरल की वायनाड सीट जीतकर प्रियंका संसद पहुंची हैं। जीत के अंतर में उन्होंने अपने भाई राहुल को भी पीछे छोड़ दिया। 2024 में राहुल गांधी ने इस सीट पर करीब 3.65 लाख वोट के अंतर से जीत दर्ज की थी। पूरी खबर पढ़ें...