केरल में सिंगापुर के कार्गो शिप में आग लगी:22 क्रू मेंबर्स में 4 लापता; 18 का रेस्क्यू; इनमें चीन, ताइवान, म्यांमार और इंडोनेशिया के नागरिक

केरल के कोच्चि में सिंगापुर के कार्गो शिप MV WAN HAI 503 में सोमवार सुबह आग लग गई। घटना के दौरान कार्गो पर 22 क्रू मेंबर्स सवार थे। इनमें से 18 लोग आग लगने के बाद समुद्र में कूद गए। इनमें कुछ झुलस गए हैं। हालांकि, सबको बचा लिया गया है। 4 क्रू मेंबर्स लापता बताए जा रहे हैं। इंडियन कोस्ट गार्ड के मुताबिक, बचाए गए क्रू मेंबर्स में आठ चीन, छह ताइवान, पांच म्यांमार और तीन इंडोनेशिया के नागरिक हैं। लापता क्रू मेंबर्स की तलाश जारी है। हादसे की कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें दिखा कि शिप के बीचोंबीच आग लगी है। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चला है कि 1015 कंटेनर शिप से गिर गए हैं। केरल के अझिक्कल पोर्ट के एक अधिकारी ने कहा कि शिप पर मौजूद कंटेनरों में खतरनाक केमिकल्स हैं। पानी में फैसले पर यह जानलेवा हो सकता है। ICG के मुताबिक, कार्गो शिप श्रीलंका के कोलंबो पोर्ट से 7 जून को रवाना हुआ था। इसे 10 जून को नवी मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (न्हावा शेवा पोर्ट) पहुंचना था। डिफेंस के अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार सुबह 10.30 मुंबई मैरीटाइम ऑपरेशन सेंटर ने कोच्चि के मैरीटाइम अधिकारियों के कार्गो में आग लगने की जानकारी दी थी। कार्गो में लगी आग की 3 तस्वीरें... कोस्ट गार्ड ने कहा कि शिप की हवाई निगरानी और स्थिति का जायजा करने के लिए लाइफ राफ्ट से लैस दो डोर्नियर विमान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा स्पेशल फायर फाइटिंग और पॉल्यूशन जहाजों सहित कोस्ट गार्ड के 5 जहाजों को घटनास्थल पर भेजा गया है। कार्गो शिप से लगातार घना धुआं निकल रहा है। अगर आग नहीं बुझी तो उसपर रखे कंटेनर्स में धमाका होने की आशंका है। शिप के आसपास वाले इलाके से दूसरे जहाजों को दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। केरल में ही लाइबेरिया का कार्गो शिप डूबा था
केरल में कोच्चि तट पर लाइबेरिया का कार्गो शिप MSC एल्सा 3 डूबा था। इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) और नेवी ने सभी 24 क्रू मेंबर्स का रेस्क्यू किया था। शिप पर लदे 640 कंटेनर्स में कैल्शियम कार्बाइड, डीजल, फर्नेस ऑयल समेत कुछ खतरनाक केमिकल्स भरे थे। शिप 23 मई को केरल के ही विझिनजाम पोर्ट से कोच्चि के लिए रवाना हुआ था। 24 मई की दोपहर करीब 1:25 बजे कोच्चि तट से 38 समुद्री मील की दूरी पर करीब 26 डिग्री तक झुकने की खबर दी गई थी। इमरजेंसी की सूचना मिलते ही कोच्चि में ICG के मरीन रेस्क्यू सब सेंटर (MRSC) ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था। 24 मई की शाम तक रूस, यूक्रेन, जॉर्जिया और फिलीपींस के 24 क्रू मेंबर्स में से 21 का रेस्क्यू किया गया था। तीन सीनियर क्रू मेंबर शिप को डूबने से बचाने की कोशिश के लिए शिप पर ही रहे थे। हालांकि, शिप का झुकाव बढ़ता रहा और आज वह डूब गया था। इससे पहले ही नेवी शिप INS सुजाता ने बाकी 3 क्रू मेंबर्स को भी बचा लिया था। शिप डूबने और रेस्क्यू की 3 तस्वीरें... ........................ समुद्री जहाज से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें... केरल में 640 कंटेनर्स वाला जहाज कैसे डूबा, कैल्शियम कार्बाइड समेत कई खतरनाक केमिकल्स मौजूद; समुद्र में मिले तो क्या होगा कच्चे आम से भरे एक कमरे में कैल्शियम कार्बाइड का छोटा सा टुकड़ा रख दीजिए। इससे निकली खतरनाक एसिटिलीन गैस 2-3 दिनों में पूरे कमरे के आम पका देगी। जिस कैल्शियम कार्बाइड का एक टुकड़ा इतना घातक है, उससे भरे 12 विशाल कंटेनर्स भारत के पास समुद्र में गिरे। पूरी खबर पढ़ें...