केंद्रीय मंत्री ने फूलमालाओं की जगह लीं किताबें, इन्हें स्कूल की लाइब्रेरी में दे दी

भास्कर न्यूज | अलवर केन्द्रीय पर्यावरण व वन मंत्री व अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने रविवार को गांव लिली के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल लिली में गांव कलसाडा, लिली व मालाखेड़ा व ग्राम बिणजारी के स्कूल में पाटन, छिलोडी, बिलेटा व राजपुर छोटा के लिए अपने अभिनव नवाचार ‘सांसद सम्पर्क संवाद यात्रा’ के तहत ग्रामीणों से संवाद उनका मौके पर ही निस्तारण किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल आदि विषयों पर समन्वित प्रयास करने के साथ विकास को गति प्रदान की जाएगी। डेयरी को भ्रष्टाचार मुक्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है। यादव ने उनके स्वागत में फूलमाला व साफे की जगह उपयोगी पुस्तकें स्वीकार करने की अभिनव पहल के तहत ग्रामीणों से पुस्तकें लेकर सरकारी स्कूल की लाइब्रेरी के लिए विभिन्न प्रधानाचार्यों को दी। उन्होंने ग्रामीणों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मांगलिक आयोजनों के अवसर पर सरकारी स्कूल के पुस्तकालय के लिए पुस्तकें या उसके लिए राशि भेंट करें ताकि इनका लम्बे समय तक ज्ञान अर्जन के लिए इनका उपयोग हो सके। केंद्रीय मंत्री यादव ने ग्राम पंचायत लिली के मिनी सचिवालय, इंटर लॉकिंग सडक निर्माण कार्य अधूरी इंटर लॉकिंग सड़क से सोता का बास स्कूल की ओर एवं इंटर लॉकिंग सडक निर्माण कार्य झारिया जाटव के घर से सोता का आस स्कूल की ओर का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम बिणजारी से काठवाडी होकर पिनान मिसिंग लिंक सडक बनवाने की घोषणा की। उन्होंने लाभार्थियों को इंडेक्शन कूकर एवं दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक व्हील चेयर दी। उधर, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव एवं वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रविवार को कठूमर विधायक रमेश खींची के कठूमर के गांव अखैगढ़ स्थित निवास स्थान पर जाकर उनकी माता के निधन पर शोक जताया। केंद्रीय मंत्री ने भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात को सुना। यादव ने ‘मन की बात’ के बाद संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यक्रम देश के जन-जन को जोड़ने व सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। इस अवसर पर वन मंत्री संजय शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साई हॉकी का सेंटर अलवर में ही रहने के लिए हॉकी खिलाड़ियों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।