NDA से 17 महिला कैडेट्स पासआउट, इतिहास में पहली बार:कहा- हमें जूनियर्स के लिए हाई-स्टैंडर्ड्स बनाने होंगे; 2021 में UPSC ने परमिशन दी थी

नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में महिला कैडेट्स का पहला बैच पासआउट होने वाला है। 30 मई को 148वें कोर्स की पासिंग आउट परेड (POP) होगी। इतिहास में यह पहली बार होगा जब 17 महिला कैडेट्स 300 से ज्यादा पुरुषों के साथ NDA से ग्रेजुएट होंगी। ये भारतीय सेना, नेवी और एयर फोर्स जॉइन करेंगी। 2021 में सुप्रीम कोर्ट ने महिलाओं को NDA परीक्षा देने की अनुमति देने का आदेश दिया था। इसके बाद यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने महिलाओं को आवेदन करने की अनुमति दी। 2022 में पहली बार 17 महिला कैडेट्स का बैच NDA में शामिल हुआ था। इनमें से कुछ महिला कैडेट्स ने शुक्रवार को NDA में अपने तीन साल के सफर के बारे में अनुभव साझा किए। हरसिमरन कौर ने बताया कि वह अब इंडियन नेवी एकेडमी में शामिल होंगी। उन्होंने कहा- महिला कैडेट्स के पहले बैच से होने के नाते हमें जूनियर कैडेट्स के लिए हाई-स्टैंडर्ड्स बनाने होंगे। मैं एक ऐसा बेंचमार्क सेट करना चाहती हूं, जिसे वे फॉलो कर सकें। महिला कैडेट बोलीं- एकेडमी पहले तोड़ती है, फिर जोड़ती है
हरसिमरन कौर ने कहा, 'मैं सशस्त्र बलों की पृष्ठभूमि से आती हूं। मेरे पिता भारतीय सेना में हवलदार के पद से रिटायर हुए थे। मेरे दादाजी भी सेना में थे, इसलिए मेरा डिफेंस से गहरा जुड़ाव रहा है। मैं डिफेंस में अपना करियर जल्दी शुरू करना चाहती थी, इसलिए NDA को चुना।' 'एकेडमी में पहले दिन मेरे रोंगटे खड़े हो गए थे, क्योंकि मैंने NDA और इसके प्रतिष्ठित सूडान ब्लॉक को केवल तस्वीरों में ही देखा था। मैं सूडान ब्लॉक, अन्य इमारतों, स्क्वाड्रन और पुराने कैडेट्स को मार्च करते हुए देखकर दंग रह गई। तीन साल की ट्रेनिंग के दौरान कई चुनौतियों आईं। कौर आगे कहती हैं, 'इंग्लिश में एक कहावत है कि एकेडमी फर्स्ट ब्रेक्स यू, देन मेक्स यू, यानी एकेडमी पहले आपको तोड़ती है और फिर बनाती है। यह मेरे साथ और हर कैडेट के साथ हुआ, चाहे वह पुरुष हो या महिला। कड़ी फिजिकल ट्रेनिंग सेशन्स, ड्रिल्स और पढ़ाई, ये सब आपके भीतर अधिकारी-जैसी योग्यता (ऑफिसर लाइक क्वालिटीज) डेवलप करने के लिए डिजाइन किए गए हैं। हमारा शेड्यूल इतना बिजी होता था कि हमें अपने टाइम को बहुत सही तरीके से मैनेज करना पड़ता था। कई बार, यह बहुत मुश्किल हो जाता था, लेकिन एकेडमी आपको शारीरिक और शैक्षणिक मांगों के बीच बैलेंस बनाना सिखाती है।' दूसरी कैडेट ने कहा- NDA मेरे खून में है
डिवीजन कैडेट की कैप्टन श्रीति दक्ष ने बताया कि NDA से पास आउट होना गर्व का क्षण होगा। उन्होंने कहा- NDA मेरे खून में है। मेरे पिता एक पूर्व NDA अधिकारी हैं। वे एयर फोर्स से रिटायर्ड हुए हैं। मेरी बहन भी भारतीय वायुसेना में हैं। दक्ष ने कहा- 2021 में जब सुप्रीम कोर्ट ने NDA में महिलाओं को अनुमति देने का फैसला सुनाया, तो मैंने मौके का फायदा उठाया। NDA ने मुझे कई अवसर दिए। साथी कैडेट्स के साथ एक मजबूत रिश्ता बनाया। जब हम शुरू में यहां आए थे, तो अलग-अलग वॉशरूम और स्क्वाड्रन पहले से ही बनाए गए थे। शुरुआत में, हमें पुरुष कैडेट्स के साथ संबंधित स्क्वाड्रन में रखा गया था। हमारी ट्रेनिंग लगभग एक जैसी होती थी। हमने तीनों सालों तक कंधे से कंधा मिलाकर सब कुछ किया। ट्रेनिंग मानसिक और शारीरिक रूप से मुश्किल थी, लेकिन हमने फिजिकल ट्रेनिंग और लगातार प्रैक्टिस से कर दिखाया। NDA में 2022 से अब तक 126 महिलाएं शामिल हुईं
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मार्च, 2025 में संसद में बताया था कि 2022 में महिला कैडेट्स के पहले बैच की एंट्री के बाद से अब तक NDA में 126 महिलाओं को एडमिशन मिला है। उनमें से 121 अभी ट्रेनिंग ले रही हैं। पांच कैडेट्स ने इस्तीफा दे दिया था। 121 महिलाएं देश के 17 राज्यों से हैं। उनमें से एक कैडेट कर्नाटक से है। हरियाणा की सबसे ज्यादा 35 महिला कैडेट हैं। उसके बाद उत्तर प्रदेश की 28, राजस्थान की 13 और महाराष्ट्र की 11 हैं। दक्षिणी राज्यों में, कर्नाटक की एक कैडेट के अलावा, केरल की चार कैडेट भी NDA में शामिल हुई हैं। एकेडमी छोड़ने वाली पांच कैडेट हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, केरल, पंजाब और उत्तर प्रदेश से हैं। इंडियन आर्मी में 12 लाख पुरुषों के मुकाबले 7 हजार महिलाएं
संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक, इंडियन आर्मी में करीब 12 लाख पुरुष हैं, जबकि महिलाओं की संख्या तकरीबन 7 हजार ही है। पुरुषों के लिहाज से महिलाओं का अनुपात 0.56 फीसदी ही है। एयर फोर्स में करीब 1.5 लाख पुरुष हैं। महिलाओं की संख्या 1600 ही है। यहां अनुपात 1 फीसदी से थोड़ा ज्यादा है। इसके अलावा इंडियन नेवी में पुरुषों की संख्या दस हजार है, जबकि महिलाएं 700 ही हैं। इस फोर्स में महिलाओं का प्रतिशत 6.5 है। तीनों सेनाओं में कुल 9118 महिला अधिकारी
भारत की तीनों सेनाओं में कुल मिलाकर करीब 9,118 महिलाएं हैं। भारत की तीनों सेनाओं में साल 2019 की तुलना में 2020 में महिलाओं की संख्या बढ़ी है। भारत में महिलाएं फाइटर एयरक्राफ्ट उड़ाने और समुद्र में सैनिक जहाजों पर अहम जिम्मेदारियां संभालने के साथ ही स्पेशल ऑपरेशन के जरिए दुश्मन को सबक सिखाने में अहम भूमिकाएं निभा रही हैं। अगर पुरुषों और महिला अधिकारियों के रेशो की बात करें तो सबसे अधिक महिलाएं नेवी में काम कर रही हैं। नेवी की कुल क्षमता का लगभग 6.5 फीसदी महिलाएं हैं। .................................... भारतीय सशस्त्र बल से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें... एयरस्ट्राइक पर एयरमार्शल बोले- भय बिनु होय ना प्रीति, सेना ने कहा- पाकिस्तान ने आतंकियों के खिलाफ लड़ाई को अपना बनाया पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय सशस्त्र बल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। एयर मार्शल भारती ने कहा, 'भय बिनु होय ना प्रीति। हमारी लड़ाई आतंकवादियों के साथ है। हमारी लड़ाई पाकिस्तानी मिलिट्री के साथ नहीं है। पाकिस्तान की सेना ने आतंकियों का साथ दिया, तो हमने उसका जवाब दिया। अपनी सेना के नुकसान के लिए वह खुद जिम्मेदार है।' पूरी खबर पढ़ें... पहलगाम हमला तनाव के बीच सेना में बड़े बदलाव, नर्मदेश्वर एयरफोर्स वाइस चीफ बने; लेफ्टिनेंट शर्मा नॉर्दन आर्मी कमांडर होंगे पहलगाम हमले के बाद बने तनाव के बीच भारतीय सेना में बड़े बदलाव हुए हैं। एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी भारतीय वायुसेना (IAF) के नए वाइस चीफ होंगे। वे 1 मई को एयर मार्शल सुजीत पुष्पाकर धारकर की जगह लेंगे। धारकर 30 अप्रैल को 40 साल से ज्यादा की सर्विस के बाद रिटायर्ड हो रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें...