3.67 लाख के जाली नोटों के साथ 2 गिरफ्तार, 1 पर पहले से 2 केस

3.67 लाख के जाली नोटों के साथ 2 गिरफ्तार, 1 पर पहले से 2 केस
भास्कर न्यूज | जालोर बागोड़ा पुलिस ने जाली नोट रखने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। तिलोडा बाईपास रोड पर नाकाबंदी के दौरान शुक्रवार को बाइक पर जा रहे 2 युवकों रुकवाया। तलाशी में दोनों के पास से कुल 3 लाख 67 हजार 500 रुपए के जाली नोट मिले। पुलिस ने बताया कि पहले आरोपी सायला के देताकलां निवासी हितेश कुमार के पास से 500-500 रुपए के 600 नोट मिले। कुल रकम 3 लाख रुपए थी। दूसरे आरोपी बागोड़ा के जैसावास निवासी दिनेश कुमार के पास 500-500 रुपए के 135 नोट मिले। कुल रकम 67 हजार 500 रुपए थी। दोनों के पास मिले 3.67 लाख रुपए के नोटों की जांच की तो वे नकली निकले। इस पर पुलिस ने नोडल थाना भीनमाल में दोनों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि हितेश कुमार पहले भी जाली नोटों के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ हैदराबाद के बेगम बाजार थाने में केस दर्ज है। वह 2024 में चंचलगुडा सेंट्रल जेल में करीब डेढ़ माह तक बंद रहा है। अभी जमानत पर है। साथ ही मुंबई के एक थाने में भी जाली नोटों के मामले में वांछित है।