हिसार से चंडीगढ़ के लिए पहली फ्लाइट कल:किराया और शेड्यूल जारी किया, 72 यात्री सफर कर पाएंगे; CM सैनी दिखाएंगे हरी झंडी

हिसार से चंडीगढ़ के लिए पहली फ्लाइट कल:किराया और शेड्यूल जारी किया, 72 यात्री सफर कर पाएंगे; CM सैनी दिखाएंगे हरी झंडी
हरियाणा के हिसार से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट कल यानी 9 जून से शुरू होने वाली है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अलायंस एयर की एटीआर-72 सीटर फ्लाइट को हफ्ते में 2 दिन उड़ान भरने के लिए स्लॉट भी जारी कर दिया है। हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर इसके लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें हरियाणा के पहले एयरपोर्ट से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद हरी झंडी दिखाएंगे। इसी के साथ लोग अब केवल 1 घंटे में हिसार से चंडीगढ़ की यात्रा कर सकेंगे। तय शेड्यूल के मुताबिक, चंडीगढ़ से हिसार की पहली फ्लाइट सोमवार दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर रवाना होगी और शाम 4 बजकर 30 मिनट पर हिसार पहुंचेगी। वहीं, वापसी की फ्लाइट हिसार से शाम 4 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरेगी और शाम 5 बजकर 55 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से हिसार की उड़ान का समय करीब 1 घंटा 10 मिनट और हिसार से चंडीगढ़ की उड़ान लगभग 1 घंटा रहेगा। अलायंस एयर इस मार्ग पर फ्लेक्सी किराया मॉडल के तहत बुकिंग कर रही है, जिसमें किराया 1449 रुपए से 1704 रुपए के बीच तय किया गया है। बस में 4 तो फ्लाइट में लगेगा सिर्फ 1 घंटा हिसार से चंडीगढ़ की दूरी करीब 252 किमी है। सड़क के रास्ते चंडीगढ़ पहुंचने में जहां करीब 4 घंटे लगते हैं। वहीं, ट्रेन से यह सफर 7 घंटे का हो जाता है। हालांकि, अब हवाई मार्ग से यह समय काफी कम हो जाएगा। फ्लाइट से लगभग एक घंटा में ही यात्री चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे। प्रधानमंत्री ने 14 अप्रैल को किया था उद्घाटन हिसार से दिल्ली और अयोध्या के लिए फ्लाइट की शुरुआत 14 अप्रैल से हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान का शुभारंभ किया था। उड्डयन विभाग के मुताबिक, हिसार से अब तक 750 से अधिक यात्री अयोध्या के लिए उड़ान भर चुके हैं। हालांकि, अभी हिसार से फ्लाइट फुल नहीं हो रही है। दिल्ली में ठहराव होने से कई यात्री राष्ट्रीय राजधानी से भी विमान में चढ़ते हैं। इससे सभी सीटें लगभग भर जाती हैं। अभी गर्मियों की छुट्टियां भी हो गई हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। राज्य बनने के 59 साल बाद शुरू हुई सीधी ट्रेन हरियाणा के राज्य बनने के 59 साल बाद हिसार से चंडीगढ़ सीधी रेल सेवा शुरू हुई थी। करीब 22 दिन पहले हिसार के रायपुर स्टेशन से इसकी शुरुआत की गई। इससे पहले चंडीगढ़ जाने के लिए लोग बसों व प्राइवेट वाहनों का सहारा लेते थे। इससे सफर महंगा पड़ता था। सड़क मार्ग से जुड़ा होने के बावजूद ट्रेन चलाने के लिए लंबे समय से नेता, व्यापारी, रेल एसोसिएशन सहित आमजन मांग उठा रहे थे। हिसार के रायपुर स्टेशन से देर रात करीब 2:25 से ट्रेन चंडीगढ़ के लिए चलती है, जो सुबह करीब 9 बजे चंडीगढ़ पहुंचती है। देश के 18 से ज्यादा शहरों से हो चुकी है कनेक्टिविटी उधर, चंडीगढ़ एयरपोर्ट की बात करें तो यहां दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 12 फ्लाइट्स उपलब्ध हैं। मुंबई और बेंगलुरु के लिए 6-6, जयपुर और श्रीनगर के लिए 4-4, लेह और हैदराबाद के लिए 2-2, जबकि अहमदाबाद, कोलकाता, धर्मशाला, गोवा, इंदौर, जम्मू, लखनऊ, चेन्नई, पटना और पुणे जैसे शहरों के लिए भी फ्लाइट्स चंडीगढ़ से संचालित हो रही हैं। अयोध्या और नांदेड साहिब के लिए भी जल्द फ्लाइट सेवा चंडीगढ़ एयरपोर्ट के सीईओ अजय वर्मा ने जानकारी दी कि हिसार के बाद अब अयोध्या और नांदेड साहिब के लिए भी सीधी फ्लाइट सेवा शुरू करने पर एयरलाइंस के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि ये दोनों धार्मिक स्थल हैं और यात्रियों की सुविधा एयरपोर्ट अथॉरिटी की प्राथमिकता में हैं। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें... हिसार एयरपोर्ट पर ₹86 की एक कप चाय:मैगी ₹143 की; जयपुर-चंडीगढ़ के लिए जल्द फ्लाइट, मई में जम्मू-अहमदाबाद की तैयारी हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट में एक कप चाय ₹86 की मिलेगी। एक मैगी 143 रुपए और सैंडविच 152 रुपए का पड़ेगा। कल (14 अप्रैल) PM नरेंद्र मोदी ने हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। जिसके बाद यहां से अयोध्या के लिए फ्लाइट रवाना की गई। इसके बाद एयरपोर्ट के भीतर कैंटीन भी खोल दी गई है। पूरी खबर पढ़ें...