सूरतगढ़ कच्ची बस्ती में पानी नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान:PHED एईएन के सामने बताई परेशानी, आंदोलन की दी चेतावनी

सूरतगढ़ में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गर्मी शुरू होते ही पानी की खपत बढ़ने से शहर के विभिन्न वार्डों में अनियमित पेयजल आपूर्ति की समस्या गहरा गई है। शुक्रवार दोपहर बाद उप कारागृह के पास कच्ची बस्तियों में वार्डवासियों ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता अजय सहारण के खिलाफ आक्रोश जताया। पूर्व पार्षद दिलीप स्वामी, गुरदीप सिंह और युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष मयंक वशिष्ठ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषो ने एईएन सहारण को बताया कि लंबे समय से पानी की सप्लाई अनियमित है, जिससे उन्हें भारी परेशानी हो रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद कर्मचारियों की मनमर्जी के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग की उदासीनता के चलते उन्हें पीने के पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। पहले भी अधिकारियों को चेतावनी दी गई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। मौके पर मौजूद सहायक अभियंता ने कर्मचारियों को बुलाकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए, मगर जनता का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बता दें कि हाल ही में, भोजूसर गांव के ग्रामीणों ने भी करडू गांव में पेयजल की समस्या को लेकर ओवरहैड टैंक पर चढ़कर और रंगमहल गांव में पानी की टंकी के नीचे धरना प्रदर्शन और नारेबाजी कर पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की थी।