वर्ल्ड अपडेट्स:पाकिस्तानी सेना का दावा- संघर्ष के दौरान भारत के 6 विमान गिराए, इनमें से 3 राफेल थे

वर्ल्ड अपडेट्स:पाकिस्तानी सेना का दावा- संघर्ष के दौरान भारत के 6 विमान गिराए, इनमें से 3 राफेल थे
पाकिस्तान की सेना के प्रवक्ता अहमद चौधरी ने बुधवार को दावा किया कि उनकी सेना ने संघर्ष के दौरान भारत के 6 विमान मार गिराए थे, जिनमें से 3 राफेल थे। उन्होंने यह दावा ब्रिटिश मीडिया से बात करते हुए किया। चौधरी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध की बात सोचना भी मूर्खता है और इसे नामुमकिन माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा- परमाणु युद्ध दोनों देशों के लिए विनाशकारी होगा। दोनों देशों के बीच विवाद है, जो कभी भी भड़क सकता है। पाकिस्तान शांति चाहता है, लेकिन अगर युद्ध थोपा गया, तो हम पूरी तरह तैयार हैं। पहलगाम हमले में पाकिस्तान के शामिल होने के आरोपों पर, चौधरी ने कहा- अगर भारत सबूत देता है, तो पाकिस्तान कार्रवाई करेगा। लेकिन भारत में कोई भी इस हमले के लिए सुरक्षा चूक पर सवाल नहीं उठा रहा। सीजफायर पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति को प्राथमिकता देता है और इसे जीत के रूप में नहीं, बल्कि शांति के तौर पर देखता है। बलूचिस्तान में स्कूल बस पर हमले में 5 की मौत, पाकिस्तान का भारत पर आरोप पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार सुबह सेना के एक स्कूल बस पर आत्मघाती हमला हुआ। इसमें 3 बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में 35 बच्चे भी घायल हुए हैं। घटना खुजदार जिले की है। 40 बच्चे बस में सवार होकर सैनिक स्कूल जा रहे थे। तभी उस पर हमला हुआ। PM शहबाज और पाकिस्तानी सेना ने इस हमले की निंदा की है और ‘भारतीय आतंकी एजेंट्स’ को इसका जिम्मेदार ठहराया है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज हुई घटना में भारत की संलिप्तता के पाकिस्तान के बेबुनियाद आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत ऐसी सभी घटनाओं में जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त करता है। जायसवाल ने कहा- आतंकवाद का ग्लोबल सेंटर होने की अपनी इमेज से ध्यान हटाने और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए, पाकिस्तान अपनी हर आंतरिक समस्या के लिए भारत को दोषी ठहराता है। यह आम बात हो गई है, लेकिन दुनिया को गुमराह करने की यह कोशिश नाकाम रहेगी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें... भारतीय फ्लाइट्स के लिए पाकिस्तान का एयर स्पेस एक और महीने बंद रहेगा पाकिस्तान ने भारतीय उड़ानों के लिए अपने एयर स्पेस को एक और महीने तक बंद रखने का फैसला किया है। पाकिस्तान ने पिछले महीने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की तरफ से उठाए गए कदमों के जवाब में अपने एयर स्पेस को भारतीय उड़ानों के लिए बंद कर दिया था। यह प्रतिबंध 23 मई तक के लिए था, क्योंकि इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गेनाइजेशन (ICAO) के नियमों के मुताबिक एयर स्पेस पर एक बार में एक महीने से ज्यादा प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता। जियो न्यूज के मुताबिक इस प्रतिबंध को बढ़ाने का ऐलान बुधवार या गुरुवार को हो सकता है। इसके लिए एक नोटिस टू एयरमेन (Notam) जारी किया जाएगा। पुतिन ने कुर्स्क का दौरा किया, बोले– अब ये फिर से हमारा, पिछले साल यूक्रेन ने यहां कब्जा कर लिया था रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को कुर्स्क शहर का दौरा किया। पुतिन ने कुर्स्क के नेताओं से मुलाकात की और यहां बन रहा एक बिजली घर भी देखा। कुर्स्क वही जगह है जहां पिछले साल अगस्त में यूक्रेन की सेना ने अचानक हमला किया था और 1100 वर्ग किमी इलाके पर कब्जा कर लिया था। यह हमला इसलिए बहुत खास था, क्योंकि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार किसी विदेशी सेना ने रूस की जमीन पर हमला किया था। पुतिन ने इस इलाके का दौरा करते हुए कहा कि अब इस जमीन पर फिर से रूस का कब्जा हो गया है। उन्होंने यहां पर बारूदी सुरंगें हटाने के लिए और सैनिक भेजने का आदेश भी दिया, ताकि लोग अपने घर वापस लौट सकें। हालांकि, यूक्रेन का कहना है कि उसकी सेना अब भी उस इलाके में डटी हुई है और लड़ाई जारी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि उनकी सेना कुर्स्क और बेलगोरोड जैसे इलाकों में रूस के खिलाफ अभियान चला रही है। 20 मई के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें...