पीबीएम हॉस्पिटल के 510 रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर गए, 231 मरीज भर्ती किए , 194 ऑपरेशन ही किए गए

उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज में करंट लगने से डॉक्टर की मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। इस मामले को लेकर बीकानेर सहित प्रदेश के चार मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टर बुधवार को हड़ताल पर चले गए। इस वजह से पहले ही दिन स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। सीएमएचओ से डॉक्टर्स मांगे गए हैं। बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में रेजिडेंट डॉक्टर सुबह काम पर नहीं आए। हालांकि उन्होंने संपूर्ण कार्य बहिष्कार की सूचना मंगलवार रात को मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल और अधीक्षक को दे दी थी, लेकिन हड़ताल को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी। बुधवार सुबह आरडीए अध्यक्ष डॉ. सचिन देसाई ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज के आरडीए अध्यक्ष से बात की। उसके बाद बेमियादी हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी। हड़ताल के पहले ही दिन पीबीएम हॉस्पिटल में इमरजेंसी, आईसीयू सहित वार्ड में मरीजों की सेवाएं चरमरा गई हैं। जांच कार्य भी प्रभावित हुए हैं। हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल ने सभी एचओडी, एसोसिएट, असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिकल ऑफिसर और इंटर्न की ड्यूटियां लगा दी है। रात को रेजिडेंट्स डॉक्टर्स ने कैंडल मार्च निकाला। गौरतलब है कि उदयपुर में मेडिकल ऑफिसर डॉ. रवि शर्मा की करंट लगने से मौत हो गई थी। इसे लेकर राज्यभर के डॉक्टरों में गुस्सा है। पहली बार सीनियर रेजिडेंट भी हड़ताल पर गए ऐसा पहली बार हुआ है जब रेजिडेंट डॉक्टर्स के साथ सीनियर रेजिडेंट्स भी हड़ताल पर चले गए हैं। पीबीएम के 489 और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के 21 कुल 510 डॉक्टरों ने एक साथ हड़ताल कर दी है। ये डॉक्टर्स दो दिन से काली पट्टी बांध कर दो घंटे का कार्य बहिष्कार पर थे। आम तौर पर हड़ताल के मामले में इमरजेंसी सेवाएं हमेशा चालू रहती थीं, लेकिन इस बार सभी रेजिडेंट्स और एसआर ने वार्ड, आईसीयू सहित इमरजेंसी सेवाओं का भी एक साथ बहिष्कार कर दिया है। डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द, 63 काम पर लौटे रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल को देखते हुए पीबीएम हॉस्पिटल के सभी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गुंजन सोनी ने बुधवार को सभी विभागाध्यक्षों की बैठक लेकर हालात की समीक्षा की। उन्होंने विशेष तौर पर एनेस्थीसिया, ऑर्थो, न्यूरो, सर्जरी और गायनी के रेजिडेंट्स को काम पर आने के लिए दबाव बनाने की बात कही। उसके बाद पीबीएम हॉस्पिटल में 48 और एसएसबी में 15 रेजिडेंट्स काम पर लौट आए। हड़ताल की सूचना सचिव को दी गई है। आंदोलनकारी डॉक्टरों को समझाया गया है। नियमानुसार वे हड़ताल नहीं कर सकते। उन्होंने इसका बांड भरा है। हमने सीएमएचओ से डॉक्टर्स मांगे हैं। डॉ. गुंजन सोनी, प्रिंसिपल, एसपी मेडिकल कॉलेज