पिता पर 6महीने की बेटी को पटक-कर मारने का आरोप:पत्नी बोली- कहासुनी के बाद दीवार पर दे मारा; सुबह लौटी तो मृत मिली

पिता पर 6महीने की बेटी को पटक-कर मारने का आरोप:पत्नी बोली- कहासुनी के बाद दीवार पर दे मारा; सुबह लौटी तो मृत मिली
आपसी विवाद के बाद मां अपनी बड़ी बेटी को लेकर गुस्से में घर से निकल गई। सुबह लौटी तो 6 महीने की नवजात को मृत पाया। इसके बाद उसने आरोप लगाया कि झगड़े से गुस्साए पिता ने 6 महीने की बेटी को दीवार पर पटक कर मार डाला। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला बांदीकुई (दौसा) के कोलवा थाना क्षेत्र के भांवता गांव का गुरुवार सुबह का है। कोलवा थाना SHO अजय सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह 6 महीने की नवजात की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बच्ची की पहचान परी (6 महीने) के रूप में हुई। इसके बाद बच्ची की मां गीता देवी ने अपने पति राजेंद्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। SHO ने बताया- बच्ची की मौत के बाद मां गीता देवी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। कहासुनी के बाद घर से निकल गई थी मां रिपोर्ट में बताया बुधवार शाम उसके पति राजेंद्र के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह अपनी बड़ी बेटी के साथ घर से निकल गई थी। पूरी रात 6 महीने की परी और बीच वाली बेटी भी अपने पिता के साथ घर पर ही थी। इसके बाद जब गीता सुबह 7 बजे लौटी तो देखा कि परी (सबसे छोटी) के शरीर में कोई हरकत नहीं थी। इसके बाद गीता ने आस-पड़ोस के लोगों और परिजनों को सूचना दी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। रिपोर्ट में गीता ने बताया- रात को झगड़े के बाद उसके पति राजेंद्र ने 6 महीने की परी को दीवार पर पटक कर मार डाला। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस बोली- बाहरी चोट के निशान नहीं SHO ने बताया- प्राथमिक जांच में बच्ची के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मां की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) टीम को दौसा से बुलाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लम्बे समय से दंपती के बीच चल रहा था विवाद पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राजेंद्र मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी है। वह अक्सर नशे की हालत में घर में झगड़ा करता था। दंपती के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। राजेंद्र के तीन बेटियां हैं। बच्ची के शव को हॉस्पिटल लेकर आए राजेंद्र के बड़े भाई गिरिराज ने कहा- दोनों के बीच हुए विवाद की मुझे जानकारी नहीं है। मैं करीब 100 मीटर दूर दूसरे मकान में रहता हूं।