पर्यावरण दिवस पर विज्ञान भारती की विचार गोष्ठी

पर्यावरण दिवस पर विज्ञान भारती की विचार गोष्ठी
विचार गोष्ठी में पुस्तक का विमोचन करते हुए। भीलवाड़ा | विज्ञान भारती इकाई भीलवाड़ा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुभाष नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता एमएलवी कॉलेज के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. बीएल जागेटिया और डॉ. कल्पना शर्मा जिला शिक्षा अधिकारी तथा विज्ञान भारती अध्यक्ष करण सिंह सिंघवी रहे। मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. जागेटिया ने प्रकृति को मां स्वरूपा बताते हुए कहा कि हमारे जीवन में प्रकृति द्वारा प्रदत्त विभिन्न वरदान जल वायु आकाश पृथ्वी तथा अग्नि द्वारा संतुलन बना हुआ है, लेकिन मनुष्य की आधुनिकता की अंधी दौड़ ने प्रकृति के इन तत्वों में छेड़छाड़ की है। जिसके कारण उसे विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने जल प्रदूषण, भूमि प्रदूषण वनोन्मूलन, प्लास्टिक का आतंक आदि विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही भारतीय दर्शन द्वारा इन समस्याओं का निदान भी बताया। इस अवसर पर डॉ. जागेटिया द्वारा लिखी गई पुस्तक सस्टेनेबल डेवलपमेंट का विमोचन भी किया गया। विज्ञान भारती का संक्षिप्त परिचय कोषाध्यक्ष चंद्र प्रकाश मालू ने दिया।