तलाक के बाद पत्नी पर चाकू से किया हमला:छत पर सोते हुए वार किया, नाक कटी; जान से मारने की धमकी दी

सीकर में तलाक के बाद पति ने अपनी पहली पत्नी पर चाकू से वार कर दिया। हमले में महिला की नाक कट गई और बाएं हाथ की उंगली पर चोट आई। मामले में महिला ने एसपी को शिकायत दी है। महिला का कहना है कि वह उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामला दादिया थाना क्षेत्र का है। एसपी को दी शिकायत में महिला संतोष निवासी कुडली (सीकर) ने बताया- उसकी शादी आरोपी राजू बावरी नाम के व्यक्ति से हुई थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया था। 27 मई को वह कटराथल में रोशन मास्टर के खेत पर मजदूरी करने गई थी। सुबह करीब 10 बजे राजू बावरी ने फोन कर उसे धमकी दी। बोला कि, घर आने पर तुझे जान से मार दूंगा। धमकी के डर से रात को परिचित की छत पर सो गई। वहां भी रात करीब 2 बजे पहला पति राजू दीवार फांदकर पहुंच गया और चाकू से हमला कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते आंख खुल गई और अपना बचाव किया। इस बीच चाकू लगने से नाक कट गई और बाएं हाथ की उंगली पर चोट आई। लोगों के आने पर भागा हमलावर
चीख सुनकर रोशनलाल, गोलू, बबीता और मंजू मौके पर पहुंचे। उसके बाद आरोपी पहला पति भाग गया। लोगों ने मुझे कल्याण हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। महिला ने शिकायत में बताया कि उसके पहले पति ने दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद उसका दूसरी पत्नी से विवाद चल रहा है। जिसके बाद से उसे बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहा है। एसपी के आदेश के बाद दादिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज के जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल रामस्वरूप कर रहे हैं।