डीएफओ और रेंजर को किया एपीओ:वन मंत्री के निरीक्षण दौरान मिली थी खामियां

प्रदेश के वन मंत्री संजय शर्मा के उदयपुर प्रवास के दौरान निरीक्षण में मिली खामियों के बाद उदयपुर डीएफओ और रेंजर को एपीओ कर दिया गया है। वन विभाग के शासन उप सचिव अशोक कुमार योगी ने इस संबंध में शुक्रवार देर शाम आदेश जारी किया। जिसमें लिखा कि वन मंत्री द्वारा 22 अप्रैल को बायोलॉजिकल पार्क सज्जनगढ़ में औचक निरीक्षण किया गया था। जिसमें भारी अनियमितताएं मिली थीं। वन मंत्री उप वन संरक्षक सुनील कुमार सिंह और क्षेत्रीय वन अधिकारी आरएस राठौड़ से नाराज हुए थे। इन्हें व्यवस्थाएं सुधार के निर्देश दिए गए थे। एपीओ के दौरान इन्हें अपनी उपस्थित प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय जयपुर में देने के निर्देश दिए हैं। बता दें, वन मंत्री संजय शर्मा ने बायोलॉजिकल पार्क में निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर चेक किया था जिसमें कर्मचारियों की साइन नहीं मिले थे। मंत्री ने इस पर आपत्ति जताते हुए अफसरों से जबाव मांगा था।