चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर अचानक फ्लाइट रोकी गई:लखनऊ के लिए उड़ान भरने से पहले पायलट ने बताई तकनीकी खामी; 177 पैसेंजर सवार थे

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर रविवार को तकनीकी खराबी आने से एक फ्लाइट को अचानक कैंसिल कर दिया गया। फ्लाइट के रनवे पर जाने से पहले ही पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला। शुरुआती जांच में तकनीकी खामी की पुष्टि होने के बाद फ्लाइट को कैंसिल करने का फैसला किया गया। जिस समय यह निर्णय लिया गया, उस वक्त फ्लाइट में करीब 177 लोग सवार थे। सभी को फ्लाइट से उतार दिया गया। यह फ्लाइट इंडिगो एयरलाइंस की थी, जो चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए उड़ान भरने को तैयार थी। विमान में क्या तकनीकी खामी आई थी, अभी एयरपोर्ट अथॉरिटी या एयरलाइंस की ओर से इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। बता दें कि इस महीने में ही इंडिगो एयरलाइंस की यह चौथी फ्लाइट है, जिसमें तकनीकी समस्या आई है। यहां जानिए किस वक्त सामने आया मामला... इंडिगो की फ्लाइट में 1 माह में चौथी बार आई समस्या... 2 जून को रांची में इंडिगो का एक विमान गिद्ध से टकराया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 जून को रांची में इंडिगो का एक विमान गिद्ध से टकराया था, जिसके कारण आपात लैंडिंग करानी पड़ी। पटना से कोलकाता वाया रांची की फ्लाइट करीब 3-4 हजार फीट की ऊंचाई पर थी। उसी समय एक गिद्ध उससे टकराया। टक्कर के बाद विमान करीब 40 मिनट तक हवा में रहा। इंडिगो की इस फ्लाइट में क्रू मेंबर्स समेत 175 यात्री सवार थे। पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए प्लेन को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया था। 18 जून को फ्लाइट रद्द करनी पड़ी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 18 जून यानी बुधवार को भी इंडिगो की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा था। फ्लाइट 6E 6101 भुवनेश्वर से कोलकाता के लिए रवाना होनी थी, लेकिन उड़ान से कुछ मिनट पहले फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इसका कारण भी विमान में तकनीकी खराबी बताया गया था। 19 जून को भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 19 जून को दिल्ली से लेह जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 2006 की तकनीकी कारणों से इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट में चालक दल के सदस्यों समेत करीब 180 लोग सवार थे। फ्लाइट ने दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी, लेकिन लेह पहुंचने से कुछ देर पहले ही तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। इसके बाद विमान को वापस दिल्ली में उतारा गया। ------------------
फ्लाइट कैंसिल संबंधित ये खबर भी पढ़ें... फ्लाइट में फ्यूल कम था, पायलट ने मेडे कॉल की:गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट की बेंगलुरु में इमरजेंसी लैंडिंग, 168 पैसेंजर्स थे अहमदाबाद प्लेन हादसे के करीब एक हफ्ते बाद एक और फ्लाइट के पायलट ने मेडे (MAYDAY) कॉल किया था। इंडिगो की गुवाहाटी-चेन्नई फ्लाइट के पायलट ने यह इमरजेंसी कॉल किया था। इसकी जानकारी शनिवार को सामने आई। घटना 19 जून की है। पायलट ने विमान में फ्यूल की काफी कमी देखी थी, इसके बाद उसने ATC (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) को मेडे यानी इमरजेंसी कॉल की थी। हालांकि इस फ्लाइट की तुरंत बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। (पूरी खबर पढ़ें)