कोटा में नौतपा के चौथे ​दिन गिरा तापमान, बादल छाए:उमस से लोग हुए परेशान, संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट

कोटा में नौतपा के चौथे ​दिन गिरा तापमान, बादल छाए:उमस से लोग हुए परेशान, संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट
कोटा में भीषण गर्मी में लोगो का हाल बेहाल है। दोपहर 12 बजे बाद से सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। शहरवासी गर्मी से बचने के लिए ठंडे पेय पदार्थ का सेवन कर रहे हैं। घरों से निकलने वाले लोग भी सड़क पर चलते समय गर्मी से बचने के लिए छाता, गमछा और अपने आप को सूती कपड़े से ढक कर निकल रहे हैं। नौतपा के चौथे दिन तापमान में गिरावट आई है, लेकिन बढ़ती उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए है। कोटा शहर में आज सुबह से ही हल्के बादल छाए हुए हैं। दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में भी इजाफा हो रहा है। वहीं कोटा संभाग में 31 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री वहीं न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गर्म हवा और बढ़ी आर्द्रता के चलते उमस ने लोगों को पसीने से तरबतर कर दिया। घरों में कूलर पंखों से भी गर्म हवा दे रहे है। लोग जरूरी कार्य पर ही घरों से निकल रहे। दिन के साथ-साथ रातें भी तप रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन 29 से 31 मई के बीच प्री-मानसूनी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। जूस के दुकानदार आसाराम ने बताया कि कोचिंग इलाकों में तेज गर्मी और उमस के चलते दोपहर के समय रौनक खत्म हो जाती है। कोचिंग पढ़ने आए हुए बच्चे भी सुबह और शाम को ही जूस पीने आ रहे हैं दोपहर के समय सन्नाटा रहता है। तेज गर्मी के चलते धंधा भी कम चल रहा है।