ईदगाह में कल 8.30 बजे होगी ईद की नमाज:मौलवी मोहम्मद सईद सहित कमेटी ने जायजा लिया, व्यवस्थाओं की जानकारी ली

ईदगाह में ईद की नमाज शनिवार को सुबह साढ़े 8 बजे होगी। ईदुल अजहा की नमाज की तैयारियों को शुक्रवार को मौलवी सईद साहब की मौजूदगी में ईदगाह कमेटी ने जायजा लिया। इस मौके पर मौलवी सईद साहब ने ईदगाह बहीर में ईद की नमाज सुबह साढ़े 8 बजे अदा किए जाने का ऐलान भी किया। ईदगाह कमेटी के सचिव मोइनुद्दीन निजाम ने त्योहार एकता भाईचारे से मनाए जाने की बात करते हुए कुर्बानी अदब के साथ मनाए जाने पर जोर दिया। बता दें कि टोंक के बहीर ईदगाह में ईद की नमाज की तैयारियां की जा रही हैं। यहां 40 हजार से अधिक लोग एक साथ ईद की नमाज अदा करते हैं। इसके लिए ईदगाह स्थल पर वुजू, छाया, पानी एवं सफाई की व्यवस्थाएं ईदगाह कमेटी ने की है। उल्लेखनीय है कि टोंक की बहीर ईदगाह राज्य की सबसे बड़ी ईदगाह में शामिल की जाती है। यहां पर 1806 से ही ईद की नमाज अदा की जा रही है। जानकार बताते हैं कि टोंक के प्रथम नवाब अमीरुद्दोला का कारवां टोंक के बहीर क्षेत्र में आकर ठहरा था। उनका टोंक पर 1806 में ही कब्जा हो गया था। हालांकि वो विधिवत नवाब 1817 में बने। अंग्रेजों ने उनसे संधी करते हुए ये क्षेत्र उनके ही अधीन रहने दिया। इस बीच ईद की नमाज के लिए ईदगाह का जायजा शुक्रवार को मौलवी सईद साहब की मौजूदगी में ईदगाह कमेटी ने लिया। ईदगाह कमेटी के सचिव मोइनुद्दीन निजाम ने बताया- ईदगाह में ईद की नमाज मौलवी सईद साहब अदा कराएंगे। ईदगाह में वुजू के लिए करीब 800 नलों का इंतजाम किया गया है। साथ ही छाया, पानी एवं सफाई की व्यवस्था की जा रही है। ईद की नमाज के लिए समय से पूर्व आने पर जोर दिया गया, जिससे ईद की नमाज समय पर अदा की जा सके। इस मौके मोहम्मद हबीब, नसीम भाई, पूर्व पार्षद शकील मियां, मौलवी मिनहाज, हाफिज नफीस सहित कई लोग मौजूद रहे। इनपुट: एम असलम।