अहमदाबाद प्लेन हादसा, डॉक्टर की पत्नी की मौत:शादी के बाद पहली बार लंदन जा रही थी, परिवार से मिलकर रोने का वीडियो शेयर

अहमदाबाद प्लेन हादसा, डॉक्टर की पत्नी की मौत:शादी के बाद पहली बार लंदन जा रही थी, परिवार से मिलकर रोने का वीडियो शेयर
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मरने वालों में बालोतरा के अराबा गांव की खुशबू राजपुरोहित (21) भी थी। 5 महीने पहले ही खुशबू की शादी हुई थी। वे शादी के बाद से ससुराल तो कभी पीहर में रह रही थी। उनके पति विपुल लंदन में डॉक्टर हैं। खुशबू का पासपोर्ट शादी से 2 दिन पहले ही बनकर आया था। वह शादी के बाद पहली बार गुरुवार (12 जून) को लंदन जा रही थी। हादसे के बाद खुशबू का वीडियो सामने आया है, वीडियो बुधवार का है। वे लंदन जाने से पहले अपने परिजनों से गले लगकर रो रही थीं। उनके पिता, मां और भाई भी उनसे लिपट कर रोते हुए नजर आ रहे हैं। खुशबू शादी के बाद पहली बार लंदन जा रही थीं। इससे पहले ये हादसा हो गया। अहमदाबाद के एयरपोर्ट पर खुशबू के पिता और उनका चचेरा भाई छोड़ने गया था। पिता ने खुशबू के लिए वॉट्सऐप स्टेटस भी लगाया था। इसमें लिखा था- आशीर्वाद खुशबू बेटा, गोइंग टू लंदन। खुशबू को छोड़कर पिता एयरपोर्ट से कुछ दूर ही निकले थे कि हादसे की जानकारी मिली। 2 माह से पीहर-ससुराल रह रही थी बालोतरा के भाजपा नेता दुर्ग सिंह राजपुरोहित ने बताया- खुशबू के पिता मदन सिंह की अराबा में ही मिठाई की दुकान है। वे खेती भी करते हैं। खुशबू की शादी 18 जनवरी 2025 को जोधपुर लूणी खाराबेरा गांव निवासी विपुल के साथ हुई थी। विपुल लंदन में डॉक्टर हैं। उन्होंने लंदन में ही डॉक्टरी की पढ़ाई भी की है। शादी के 2 माह बाद ही विपुल लंदन लौट गया था। खुशबू यही रुक गई थी। वह शादी के बाद पीहर और ससुराल में रह रही थी। पहली बार लंदन जा रहीं थीं दुर्ग सिंह राजपुरोहित ने बताया- खुशबू की गुरुवार को अहमदाबाद के एयरपोर्ट से लंदन के लिए फ्लाइट थी। बुधवार को गांव से पिता मदन सिंह और चचेरे भाई के साथ रवाना हुई थी। आसोतरा धाम मंदिर के दर्शन करने के बाद बुधवार देर रात अहमदाबाद पहुंचे थे। अपने पिता के साथ खुशबू की आखिरी तस्वीर… पिता ने बेटी के लिए लगाया था स्टेटस हादसे से पहले खुशबू को बोर्डिंग कराने से पहले पिता मदन सिंह ने बेटी के साथ फोटो खिंचवाया था। इसी का स्टेटस भी लगाया था। लिखा था- आशीर्वाद खुशबू बेटा गोइंग-टू-लंदन। इसके बाद खुशबू एयरपोर्ट पर बोर्डिंग के लिए अंदर जाने लगी तो चचेरे भाई ने उसका जाते हुए का वीडियो भी बनाया। खुशबू का पासपोर्ट भी शादी से 2 दिन पहले 16 जनवरी 2025 को आया था। चार बच्चों में सबसे बड़ी थी खुशबू दुर्ग सिंह राजपुराेहित ने बताया- मदनसिंह के तीन बेटियां और एक बेटा है। खुशबू सबसे बड़ी बेटी है। उससे छोटी दो बहनें और एक छोटा भाई है। ............................... अहमदाबाद प्लेन क्रैश से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… अहमदाबाद प्लेन क्रैश-राजस्थान के 11 लोगों की मौत:डॉक्टर दंपती और परिवार खत्म; घूमने जा रहे थे भाई-बहन, पति से मिलने जा रही थी नवविवाहिता अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश हादसे में राजस्थान के 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में प्रदेश के 6 परिवार के लोग शामिल है, इनमें 5 बांसवाड़ा, 4 उदयपुर, एक-एक बालोतरा और बीकानेर के रहने वाले हैं। (पढ़ें पूरी खबर)