हिमाचल में बर्फबारी, पहाड़ों पर बढ़ी ठंड:3 जिलों में भारी बारिश हुई, 6 में ऑरेंज-अलर्ट; टूरिस्ट को गर्म कपड़े लाने की एडवाइजरी

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिला की अधिक ऊंची चोटियों पर आज सुबह ताजा हिमपात हुआ। आमतौर पर जून में बर्फ नहीं गिरती। मगर इस बार जून में भी बर्फबारी हो रही है। आज सुबह के वक्त लाहौल स्पीति के लांगचा गांव में बर्फ के फाहे गिरे। घाटी में इससे मौसम ठंड हो गया है। वहीं आज 6 जिलों में भारी बारिश और तूफान का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा ने बताया कि विभाग के पास बर्फबारी का रिकॉर्ड केवल उन स्टेशन का रहता है, जहां उनके वेदर स्टेशन हैं। जिस जगह आज सुबह बर्फ गिरने की सूचना है, वहां पर विभाग का वेटर स्टेशन नहीं है। इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि जून में पहली बार बर्फ गिरी है। मगर उन्होंने माना कि जून में बर्फ गिरना सामान्य नहीं है। रात में 3 जिलों में हुई भारी बारिश वहीं बीती रात में शिमला, मंडी और बिलासपुर जिला के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज तूफान भी चला। मंडी जिला के करसोग में सबसे ज्यादा 64.1 मिलीमीटर बारिश हुई। कुफरी में 45.0 मिलीमीटर, शिमला में 40.2 मिलीमीटर, बिलासपुर के घाघस में 37.0 और नयना देवी में 34.6 मिलीमीटर बारिश हुई। ऊंचे पहाड़ों पर लौटी ठंड बारिश-बर्फबारी के बाद अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ठंड लौट आई है। शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री नीचे गिरने के बाद 9.2 डिग्री सेल्सियस रह गया है। अन्य शहरों का तापमान भी सामान्य से नीचे गिरा है। गर्म शहरों में शुमार कांगड़ा का तापमान भी नॉर्मल से 5.6 डिग्री नीचे लुढ़कने के बाद 15.4 डिग्री, पालमपुर का 6.4 डिग्री कम होने के बाद 13.5 डिग्री, नाहन का 6.1 डिग्री गिरने के बाद 17.3 डिग्री, और मनाली का सामान्य से 0.4 डिग्री कम होने के बाद 10.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रह गया है। पहाड़ों पर आने वाले पर्यटकों को सलाह मौसम को देखते हुए हिमाचल आने वाले टूरिस्ट को अपने साथ गर्म कपड़े लाने की एडवाइजरी दी गई है, क्योंकि इन दिनों देशभर से काफी संख्या में टूरिस्ट गर्मी से बचने को पहाड़ों पर आ रहा हैं। केलांग का तापमान 4.4 डिग्री रह गया केलांग का न्यूनतम तापमान अब 4.4 डिग्री, कल्पा का 6.5, कुकुमसैरी का 5.7 डिग्री और ताबो का मिनीमम टैम्परेचर 5.8 डिग्री सेल्सियस रह गया है। इसी तरह अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। आज 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों में आज भारी बारिश और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। यह चेतावनी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिला को दी गई है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चल सकता है। अन्य सभी जिलों में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। एक सप्ताह में सामान्य से 21 प्रतिशत ज्यादा बारिश हिमाचल में इस बार मानसून शुरू होने से पहले ही जमकर बादल बरसे रहे हैं। बीते एक सप्ताह के दौरान (27 मई से 23 जून) के बीच सामान्य से 21 प्रतिशत ज्यादा बादल बरस चुके हैं। इस अवधि में 14 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 16.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। कल से कमजोर पड़ेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस मौसम विभाग की माने तो कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ना शुरू होगा। हालांकि कल कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिला के कुछ भागों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। मगर, परसों से पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा।