वर्ल्ड अपडेट्स:ऑस्ट्रेलिया में बाढ़ से अब तक 5 की मौत, हजारों लोग फंसे, राहत का काम जारी

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य में पिछले सप्ताह से जारी भीषण बारिश के कारण आई बाढ़ से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ की वजह से हजारों लोग घरों में कैद हो गए हैं। कई इलाकों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है, लोग अपने घरों में फंसे हैं और बहुत सी सड़कें, पुल और खेत तबाह हो गए हैं। राज्य के उत्तरी तटीय हिस्सों में बाढ़ का असर सबसे ज्यादा पड़ा है। कई घरों में पानी भर गया, खेतों में खड़ी फसलें बह गईं और पशुओं की जान भी गई। जान बचाने के लिए कई लोगों को हेलीकॉप्टर और नावों की मदद से निकाला गया। कुछ इलाकों में तो कारें पूरी तरह पानी में डूब गईं। राज्य की आपातकालीन सेवा (SES) ने बताया कि करीब 32,000 लोग अब भी ऐसे इलाकों में हैं जहां जाने का रास्ता बंद है। हालांकि, धीरे-धीरे पानी उतरने लगा है। बाढ़ की वजह से 10,000 से ज्यादा घर और संपत्तियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें... पाकिस्तान में तूफान और बारिश ने तबाही मचाई, 20 की मौत, 150 से ज्यादा घायल पाकिस्तान में तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। इस तूफान में अब तक कम से कम 20 लोगों की मौत हो चुकी है और 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी रविवार को पाकिस्तानी अधिकारियों ने दी। तूफान का सबसे ज्यादा असर इस्लामाबाद, पंजाब और खैबर-पख्तूनख्वा प्रांतों में पड़ा। यह तूफान पाकिस्तान में कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद आया। पंजाब प्रांत के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रवक्ता मजहर हुसैन ने बताया कि तूफान बहुत ही खतरनाक था। तेज हवा और धूल की वजह से कुछ भी साफ नहीं दिख रहा था। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था। इस भीषण गर्मी के बाद अचानक आए तूफान ने काफी नुकसान पहुंचाया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से आंधी, तूफान और ओले गिरने की चेतावनी दी है।
इजराइली हमले में गाजा की महिला डॉक्टर के 9 बच्चों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल गाजा पर 23 मई को हुए इजराइली हमले में खान यूनिस की एक महिला डॉक्टर अल-नज्जर के 9 बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक मृत बच्चों की उम्र 7 महीने से 12 साल तक थी। डॉक्टर के पति को भी इस हमले में गंभीर चोटें आई है। इजराइली सेना के मुताबिक गाजा में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया। इसके तहत 14 से 20 मई तक 670 से ज्यादा हमास ठिकानों पर हमला किया। जिसमें गाजा के लगभग 512 लोग मारे गए थे। वहीं, इजराइल ने गाजा के दूसरे सबसे बड़े शहर खान यूनिस को खाली करने का आदेश दिया था। गाजा-इजराइल के बीच बीते 19 महीनों से जंग जारी है। उत्तर कोरिया में वॉरशिप लॉन्च हादसे के बाद तीन शिपयार्ड अधिकारियों को अरेस्ट किया, किम जोंग बोले थे- सजा देंगे उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की मौजूदगी में 21 मई को वॉर-शिप लॉन्च के दौरान हुए हादसे के लिए तीन शिपयार्ड अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। स्थानीय मीडिया एजेंसी के मुताबिक शिपयार्ड के मुख्य इंजीनियर, निर्माण प्रमुख और प्रशासनिक प्रबंधक को अरेस्ट किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि ये तीनों हादसे के लिए जिम्मेदार थे। 5,000 टन वजनी शिप लॉन्चिंग के समय ही संतुलन बिगड़ने के कारण डूब गया। किम जोंग उन ने इस घटना को आपराधिक बताया था,और सजा देने की बात कही थी। सीरियाई राष्ट्रपति अल-शारा ने इस्तांबुल में एर्दोगन से मुलाकात की, तुर्किय ने इजराइल के कब्जे को गलत बताया सीरिया पर से प्रतिबंध हटाए जाने के बाद राष्ट्रपति अहमद अल-शारा ने तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन और अन्य शीर्ष अधिकारियों से इस्तांबुल में मुलाकात की। एर्दोगन ने कहा कि तुर्किये प्रतिबंधों के हटने का स्वागत करता है और इजराइल का सीरियाई क्षेत्र पर कब्जा और आक्रमण गलत है। उन्होंने कहा कि तुर्की इसका विरोध जारी रखेगा। बैठक में तुर्किये के विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री, खुफिया प्रमुख और रक्षा उद्योग के सचिव शामिल थे। अल-शारा ने इससे पहले फरवरी में एर्दोगन से मुलाकात की थी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से भी मिले थे। दोनों देश सीरिया के पुनर्निर्माण और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सीरिया पर लगे प्रतिबंध हटाने का फैसला किया था, जिसे यूरोपीय संघ ने भी समर्थन दिया। अमेरिका ने 2019 के सीजर सीरिया एक्ट के तहत लगाए गए प्रतिबंधों में छूट दे दी है। हालांकि, ये छूट अस्थायी तौर पर 180 दिन के लिए दी गई है। इसके बाद फिर से प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं। 24 मई के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें...