भीलवाड़ा के दो पहलवान एशियन चैंपियनशिप में करेंगे प्रतिनिधित्व

भीलवाड़ा के दो पहलवान एशियन चैंपियनशिप में करेंगे प्रतिनिधित्व
भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा एशियन चैंपियनशिप कुश्ती में भीलवाड़ा के दो पहलवानों का चयन हुआ है। दोनों पहलवान भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंडर- 20 एशियन चैंपियनशिप के 61 किलो फ्रीस्टाइल में गुरु रामनिवास अखाड़ा के अनुज विश्नोई भाग लेंगे। वहीं, जवाहर नगर निवासी अश्विनी विश्नोई 65 किलो में भाग लेंगी। अश्विनी अभी पुर की शिव व्यायामशाला में अभ्यास करती है। पहलवान अनुज के पिता राजेंद्र विश्नोई सरकारी स्कूल में शारीरिक शिक्षक एवं अश्विनी के पिता मुकेश विश्नोई फैक्ट्री में मजदूर हैं। अश्विनी विश्नोई तीसरी बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे पहले दो बार एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुकी है। 2023 में अंडर-15 एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड व 2024 में अंडर 17 एशियन चैंपिशनशिप में भी गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। अश्विनी कुश्ती के सभी दांव में धुरंधर है। पूरे पॉवर के साथ कुश्ती लड़ती है, जिससे विपक्षी खिलाड़ी का कोई भी दाव काम नहीं आता। पिता मुकेश विश्नोई ने बेटी को यहां तक पहुंचाने में सबसे ज्यादा संघर्ष किया। अश्विनी के कुश्ती सीखने के शुरुआती दिनों में पिता मुकेश फैक्ट्री में जाने में भी परेशानी हुई तो उन्होंने नाइट ड्यूटी शुरू कर दी। िपता का सपना है कि एक दिन बेटी ओलिंपिक में मेडल जीतकर लाए।