दिल्ली में पारा 43.4°C पहुंचा, गर्मी 49°C जैसी महसूस हुई:कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी; राजस्थान के हीटवेव की रेड, MP में येलो चेतावनी जारी

दिल्ली में पारा 43.4°C पहुंचा, गर्मी 49°C जैसी महसूस हुई:कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी; राजस्थान के हीटवेव की रेड, MP में येलो चेतावनी जारी
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश जैसे मैदानी राज्यों के लिए हीटवेव और लू का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों के ज्यादातर जिलों में सोमवार दोपहर में तापमान 40°C के पार रहा है। दिल्ली-NCR में सोमवार को हीटवेव-गर्मी का तेज असर रहा। सफदरजंग इलाके में अधिकतम पारा 43.4°C रहा, लेकिन गर्मी 49°C फील की गई। दिल्ली-NCR में आज हीटवेव-गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी रही। यहां 10 और 11 जून को हीटवेव और गर्मी का ऑरेंज अलर्ट ही है। 12-13 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राजस्थान में तेज हीटवेव और गर्म रात का रेड अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा अलर्ट राज्य के पश्चिमी जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही में है। इधर पूर्वी राजस्थान में गर्मी और गर्म रात दोनों का ऑरेंज अलर्ट है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार को 47.4°C तापमान दर्ज किया गया था। जो देश में सबसे अधिक था। पहाड़ी राज्यों में भी तेज गर्मी जारी है। जम्मू-कश्मीर में अगले 3 दिन येलो अलर्ट है। मध्य प्रदेश के 16 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट है। मानसून की बात करें तो यह 29 मई से अभी भी बिहार-पश्चिम बंगाल की सीमा पर अटका है। 15 जून तक इसके मध्य प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। मानसून की बारिश के कारण पूर्वोत्तर राज्यों में भारी तबाही रही। बाढ़ की स्थिति रही। हालांकि अब हालात थोड़े सामान्य हुए हैं। मई में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड भारत मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि जब से बारिश का रिकॉर्ड रखा जा रहा है (साल 1901) तब से अब तक सबसे ज्यादा बारिश इस साल मई में हुई है। इस साल देश में औसतन 126.7 mm बारिश हुई। यह लंबे समय के औसत (LPA) 61.4 mm से 106% ज्यादा है। IMD ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मई 2025 में मध्य भारत में 100.9 mm बारिश हुई, जो 1901 के बाद सबसे ज्यादा है। चाटेन में रविवार को भी हुआ लोगों का रेस्क्यू 1 जून की शाम को चाटेन में एक मिलिट्री कैंप भूस्खलन की चपेट में आ गया। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण क्षेत्र में सड़क संपर्क टूट जाने के कारण उत्तरी सिक्किम के चाटेन में फंसे कम से कम 28 लोगों और 20 जवानों को रविवार को एयर लिफ्ट किया गया। लापता सैनिकों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। रेस्क्यू से पहले खराब मौसम के कारण उत्तरी सिक्किम के लाचेन, लाचुंग और चुंगथांग शहरों में करीब 2,000 पर्यटक कई दिनों तक फंसे रहे थे।​​​​​​ अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम 10 जून- राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है। लू चल सकती है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। 11 जून- राजस्थान,पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। देशभर से मौसम की तस्वीरें... राज्यों के मौसम का हाल... MP में पारा 44 डिग्री पार, कल से लू चलेगी:आज 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; भोपाल-इंदौर में गर्मी रहेगी मध्यप्रदेश के दक्षिणी हिस्से में सोमवार को आंधी-बारिश का अलर्ट है, जबकि भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत बाकी जिलों में गर्मी का असर रहेगा। 10 और 11 जून को ग्वालियर-चंबल संभाग में हीटवेव यानी, लू चलने का अनुमान है। इससे पहले रविवार को प्रदेश में दिन का तापमान ​44 डिग्री पार पहुंच गया, जबकि 21 शहर ऐसे रहे, जब तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया। पूरी खबर यहां पढ़ें... UP के 19 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट:प्रयागराज, झांसी में 44°C के पार पहुंचा पारा; 11 जून के बाद बारिश की संभावना UP में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। गर्म पछुआ हवा के चलते 3 दिन के लिए गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। रविवार को UP के प्रयागराज और झांसी में दोपहर बाद का तापमान 44°C के पार चला गया। जबकि 14 जिलों में अधिकतम तापमान 40°C डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। पूरी खबर यहां पढ़ें... राजस्थान का श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा:तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा; 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट राजस्थान में गर्मी ने एक बार फिर परेशान कर दिया। श्रीगंगानगर में रविवार को पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो देश का सबसे गर्म इलाका रहा। इसके साथ चूरू, बीकानेर, जैसलमेर, कोटा समेत कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। भीषण गर्मी के कारण रविवार को राज्य के 8 से ज्यादा शहर लू की चपेट में रहे। पूरी खबर यहां पढ़ें... बिहार के 26 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट:40°C पार जा सकता है अधिकतम तापमान; 12 जून के बाद बारिश की संभावना बिहार में पिछले दो-तीन दिनों से चिलचिलाती धूप निकल रही है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और लोग दिन-रात गर्मी से परेशान हो रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी सोमवार को बिहार के 26 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इससे लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें... पंजाब में आज हीटवेव का ओरेंज अलर्ट:तीन दिन राहत के आसार नहीं; 9 जिलों का तापमान 40 पार, बठिंडा 44.8°C दर्ज भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पंजाब के लिए तीन दिनों तक लू का अलर्ट जारी कर दिया है। सिर्फ दिन ही नहीं, गर्मी यहां रात को भी तंग करेगी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है। वहीं, 12 जून से राज्य में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं, लेकिन हालात बदल भी सकते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें... हरियाणा में हीटवेव का ओरेंज अलर्ट:अब रात में भी सताएगी गर्मी, 18 जिलों में तापमान 40 डिग्री पार, 3 दिन चलेगी लू हरियाणा में मौसम विभाग ने हीटवेव की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में आज (9 जून) से लगातार लू चलेगी। मौसम विभाग की तरफ से दिन और रात दोनों समय गर्मी पड़ने का अंदेशा जताया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और रोहतक में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें... हिमाचल में 4 दिन और सताएगी गर्मी:9 शहरों में 35 पार तापमान, 13 जून को बारिश के आसार, पर्यटन स्थलों पर सुहावना मौसम हिमाचल प्रदेश में चार दिन से तप रही धूप के बाद भीषण गर्मी पड़ने लगी है। खासकर मैदानी इलाकों में दिन के वक्त लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे है। 9 शहरों का पारा 35 डिग्री से अधिक और ऊना व नेरी का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। अगले 96 घंटे यानी चार दिन भी गर्मी से राहत के आसार नहीं है। पूरी खबर यहां पढ़ें...