जयपुर में ईद, काजी बोले-कुर्बानी के दौरान गंदगी न हो:किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं, गंदगी को कचरागाह तक पहुंचाएं

राजस्थान में आज ईद-उल-अजहा पर्व मनाया जा रहा है। जयपुर के रामगढ़ रोड इलाके में स्थित ईदगाह पर सुबह 8 बजे से मुख्य नमाज शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे और देश में अमन चैन की दुआ मांगी। इसके बाद कुर्बानी का दौर शुरू हुआ। ईदगाह में नमाज के दौरान चीफ काजी राजस्थान खालिद उस्मानी ने कहा- कुर्बानी के दौरान किसी भी तरह की गंदगी न हो, किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं। गंदगी को ढंक कर कचरागाह तक पहुंचाएं। वहीं, कांग्रेसी विधायक रफीक खान ने नमाज के बाद कहा- पिछली गहलोत सरकार ने ईदगाह के विकास कार्य के लिए 10.82 करोड़ रुपए मंजूर किए थे। मौजूदा बीजेपी सरकार के आने तक ईदगाह का काम चल रहा था। लेकिन भजनलाल सरकार ने ईदगाह का बजट रोक दिया। इससे इसका काम रुक गया। जयपुर जिला प्रशासन और पुलिस ने त्योहार के मद्देनजर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। मुख्य बाजारों और ईदगाह के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष दल गठित किए गए हैं। जयपुर के ईदगाह में हुई मुख्य नमाज जयपुर शहर की मुख्य नमाज सुबह 8 बजे ईदगाह में शहर काजी खालिद उस्मानी के नेतृत्व में हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक दूसरे को गले लगा कर बकरा ईद की बधाई दी। ईदगाह में नमाज के दौरान चीफ काजी राजस्थान खालिद उस्मानी ने कहा- हमारे देशवासियों, पड़ोसियों, हमवतन और हम-मजहब लोगों के साथ-साथ दूसरे मजहब के लोगों की भी भावनाओं का ध्यान रखें। उन्होंने कहा- कुर्बानी के दौरान किसी भी तरह की गंदगी न हो, किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं। गंदगी को ढंक कर कचरागाह तक पहुंचाएं। बकरों की खालों को लेकर के समाज की जिम्मेदार लोगों से कहा- खालों की प्रोसेसिंग के लिए यूनिट डालने के लिए प्रदेश में सक्षम लोग मिलजुल प्रयास करें। ताकि खाल जाया न जाए। मुख्यमंत्री से चीफ काजी ने अपील की कि ईदगाह के अटके काम को मौजूदा भाजपा सरकार जल्द शुरू करवाए। विधायक ने सरकार पर लगाए बजट रोकने के आरोप कांग्रेसी विधायक रफीक खान ने नमाज के बाद बकरा ईद की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने सरकार पर ईदगाह के विकास कार्यों का पैसा रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली गहलोत सरकार ने ईदगाह के विकास कार्य के लिए 10.82 करोड रुपए मंजूर किए थे। मौजूदा बीजेपी सरकार के आने तक ईदगाह का काम चल रहा था लेकिन भजनलाल सरकार ने ईदगाह का बजट रोक दिया जिससे इसका काम रुक गया ऐसे में उन्होंने मांग की की मौजूदा भाजपा सरकार ईदगाह का काम जल्द से जल्द शुरू करवाए। इससे पहले कल शाम ईद पर शहर के मिठाई बाजारों में विशेष रौनक देखी गई। रसगुल्ले, सेंवई, बर्फी और मिल्क केक जैसी पारंपरिक मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। त्योहार की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भारी आवाजाही रही। कपड़े, जूते, इत्र और टोपी की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी संख्या देखी गई। ईद-उल-अजहा का पर्व मुस्लिम महीने जिलहिज्जा की 10वीं तारीख को मनाया जाता है। ईद-उल-अजहा धार्मिक पर्व के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। इस अवसर पर शहर में उत्सव का माहौल है।