ASI-कांस्टेबल ने की पैसों की डिमांड, सूचना डीसीपी तक पहुंची, दोनों सस्पेंड

ASI-कांस्टेबल ने की पैसों की डिमांड, सूचना डीसीपी तक पहुंची, दोनों सस्पेंड
मालवीय नगर थाने में तैनात एएसआई और कांस्टेबल को शुक्रवार देर रात डीसीपी ईस्ट ने सस्पेंड कर दिया। क्योंकि वे दोनों ने मालवीय नगर सत्कार शॉपिंग सेंटर पर नगर निगम की ओर से चल रहे काम को रुकवाने का प्रयास किया। जब वे काम रुकवाने में असफल हुए तो मौके से कर्मचारियों को पकड़ कर थाने ले गए। इस बारे में जब निगम के अधिकारियों को सूचना लगी तो उन्होंने सीधे ही डीसीपी को इसकी जानकारी दी। डीसीपी ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए तत्काल दोनों को सस्पेंड कर दिया। डीसीपी ईस्ट तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मालवीय नगर थाने के एएसआई मुकेश और कांस्टेबल प्रेम चंद को सस्पेंड किया गया है। रात को निगम की ओर से सत्कार शॉपिंग सेंटर में काम किया जा रहा था। सामान सड़क पर फैला देख एएसआई ने काम बंद करने को कहा। इस पर उनसे काम करने की परमिशन के दस्तावेज मांगे गए। मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों ने निगम से होना बताया इसके बावजूद पुलिस सभी को पकड़ कर थाने ले गई। इस दौरान कर्मचारियों को छोड़ने के एवज में रिश्वत भी मांगी गई। हालांकि कितने रुपए मांगे इसकी पुष्टि नहीं हुई, लेकिन मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।