सूरत में 7 इंच बारिश, बाढ़ जैसे हालात, स्कूल बंद:राजस्थान-MP में बारिश का रेड अलर्ट; ओडिशा में 50 हजार लोग बाढ़ प्रभावित, महिला की मौत

देश के 26 राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। गुजरात के सूरत शहर में पिछले 24 घंटे से तेज बारिश हो रही है। सोमवार सुबह 8 बजे से 12 बजे तक चार घंटे में ही 7 इंच बारिश हुई। सूरत में रविवार शाम को मानसून की एंट्री हुई थी। इसके बाद हुई बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जगह-जगह पानी भर गया है। सूरत प्रशासन से आज स्कूल की छुट्टी कर दी है। सूरत में पहले दिन की बारिश ने 2006 में बाढ़ जैसे हालात की याद ताजा कर दी। साल 2006 में 7-10 अगस्त में हुई भारी बारिश से सूरत का करीब 80-95% हिस्सा डूब गया था। इधर, मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और ट्रफ की मौजूदगी से अगले 4 दिन तक बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहेगा, इससे भारी बारिश होगी। टीकमगढ़ में रविवार को 9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। माउंट आबू में 24 घंटे में 7 इंच पानी बरसा। इसके चलते यहां कई नदियां उफान पर हैं। कई छोटे-बड़े गांवों और कस्बों का संपर्क दूसरे स्थानों से कट गया। राजस्थान में 1 जून से अब तक सामान्य से 133% ज्यादा बारिश हो चुकी है। ओडिशा के 50 गांव में बाढ़ की स्थिति है। इसके कारण राज्य के 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 24 साल की एक महिला तेज धार में बह गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बाढ़ प्रभावित इलाकों में NDRF-SDRF, ODRF की टीमें तैनात हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके आगे बढ़ने के लिए सही परिस्थितियां हैं। अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। देशभर से मानसून की तस्वीरें... कल के मौसम का हाल... 24 जून: गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण गोवा, बिहार, छत्तीसगढ़, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। सिक्किम, बंगाल, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, विदर्भ, बंगाल, कर्नाटक, केरल में भारी बारिश हो सकती है। राज्यों में मौसम का हाल जान लीजिए... राजस्थान: भारी बारिश से चूरू में हवेली का छज्जा गिरा,1 मौत, 10 जिलों में रेड-ऑरेंज अलर्ट राजस्थान के कई इलाकों में बारिश जारी है। कई नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने आज (23 जून) को जयपुर समेत 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। चूरू में तेज बारिश के कारण एक हवेली का छज्जा गिर गया, इस हादसे में 60 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई, वहीं 6 घायल हो गए।सीकर, झुंझुनूं, कोटा में सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। जयपुर में भी तेज बारिश हुई। वहीं, बारां में सुबह से मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें... मध्य प्रदेश: गुना में अंडर ब्रिज में पानी, शिवपुरी में स्कूल के आवासीय परिसर में जलभराव; SDERF ने टीचर्स समेत 10 को निकाला मध्य प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को भी बारिश का दौर जारी है। शिवपुरी जिले में भारी बारिश के चलते कोलारस के लुकवासा में ज्ञान स्थली स्कूल के आवासीय परिसर में जलभराव हो गया। वहां फंसे कुछ टीचर्स समेत लोगों को निकालने के एसडीईआरएफ की टीम को मौके पर बुलाना पड़ा। हॉस्टल से दो बच्चों समेत 10 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। श्योपुर जिले में भारी बारिश के चलते पार्वती नदी उफान पर है। बड़ौदा के पास कुहंजापुर पुलिया पर पानी ऊपर आने से श्योपुर-बारां हाईवे बंद हो गया। पूरी खबर यहां पढ़ें... उत्तर प्रदेश: 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; बेतवा उफान पर, टापू पर फंसे 5 लोगों को निकाला यूपी में मानसून जमकर बरस रहा है। बलरामपुर, ललितपुर, गोंडा, गोरखपुर, अयोध्या समेत करीब 20 जिलों में कहीं तेज तो कहीं रुक-रुककर बारिश हो रही है। झांसी में लगातार हो रही बारिश के चलते बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे मोंठ के सोजना घाट पर बालू निकालने गए 5 लोग फंस गए। 5 घंटे बाद ट्यूब लेकर गोताखोरों को भेजा गया। तब सभी लोगों को निकाला गया। पूरी खबर यहां पढ़ें... हरियाणा: 9 जिलों में बारिश,मंत्री-सांसद की कोठी में पानी घुसा; 9 शहरों में अलर्ट, 2 दिन बाद मानसून आएगा हरियाणा के 9 जिलों में सोमवार को बूंदाबांदी और बारिश हुई। इनमें पानीपत, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, नारनौल, भिवानी, नूंह, गुरुग्राम और रेवाड़ी शामिल हैं। अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं, यहां भी बारिश की संभावना है। भिवानी में तेज बारिश की वजह से कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की कोठी में पानी घुस गया। गलियों में भी कई फीट तक पानी जमा रहा। पूरी खबर यहां पढ़ें... चंडीगढ़: मानसून की एंट्री, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी; 25 से 26 जून बारिश की चेतावनी चंडीगढ़ में गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून आखिरकार रविवार को चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें... हिमाचल प्रदेश: 3 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा मानसून हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिन बारिश के आसार हैं। प्रदेश के 3 जिलों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। यह चेतावनी ऊना, कांगड़ा और सिरमौर जिला को दी गई है। बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, मंडी और सोलन जिला में आज यलो अलर्ट दिया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें... बिहार: औरंगाबाद-बक्सर समेत 8 जिलों में तेज बारिश, रक्सौल में भारत-नेपाल को जोड़ने वाली सड़क पर 2 फीट पानी भरा; आकाशीय बिजली गिरने से 2 मौतें बिहार में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो चुका है। जहानाबाद, बांका, औरंगाबाद, रक्सौल, बक्सर, किशनगंज और अररिया में सुबह तेज बारिश हुई। दोपहर में मुजफ्फरपुर में बारिश हुई। प्रदेश में आकाशीय बिजली से 2 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज 5 जिलों में के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 10 जिलों में यलो अलर्ट है। पूरी खबर यहां पढ़ें... झारखंड: रांची सहित कई जिलों में बरसे बादल, आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट झारखंड में मानसून एक्टिव है। रांची सहित प्रदेश के कई जिलों में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने देवघर, धनबाद, पाकुड़, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा और साहिबगंज के लिए अलर्ट जारी किया है।24 और 25 जून को झारखंड के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें...