वर्ल्ड अपडेट्स:जापान के PM इशिबा नाटो सम्मेलन में नहीं जाएंगे, उनकी जगह विदेश मंत्री के शामिल होने की संभावना

वर्ल्ड अपडेट्स:जापान के PM इशिबा नाटो सम्मेलन में नहीं जाएंगे, उनकी जगह विदेश मंत्री के शामिल होने की संभावना
जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा हेग में नॉर्थ अटलांटिक ट्रिटी ऑर्गेनाइजेशन (NATO) शिखर सम्मेलन में नहीं जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जापान की फूजी टीवी ने कहा कि इशिबा अपनी यात्रा रद्द कर रहे हैं क्योंकि नाटो और चार इंडो-पैसिफिक देशों (IP4) के ग्रुप के बीच प्लान्ड मीटिंग रद्द हो गई है। न्यूजीलैंड और जापान के साथ IP4 में शामिल दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया ने भी कहा है कि उनके नेता नाटो शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। सूत्र ने कहा कि जापानी PM की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ भी बैठक न होने की संभावना है। इसलिए उनकी जगह अब विदेश मंत्री ताकेशी इवाया NATO में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।​​​ अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें... पाकिस्तान ने सिंध में नए तेल और गैस भंडार की खोज की, जमीन के 4 हजार मीटर नीचे मिला पाकिस्तान की सरकारी कंपनी ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी (OGDCL) ने सिंध प्रांत में एक नया तेल और गैस भंडार खोजा है। कंपनी ने इस महीने की शुरुआत में खारो के फकीर-1 कुएं में यह खोज की। ये भंडार जमीन के 4 हजार मीटर नीचे मिली है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान में और भी छुपे गैस भंडार मौजूद हो सकते हैं। पिछले साल OGDCL ने ऐसी ही दो बड़े तेल और गैस भंडार खोजे थे। फिलहाल वेनेजुएला के पास दुनिया में सबसे बड़े तेल भंडार हैं, इसके बाद सऊदी अरब है। रूस ने यूक्रेन के कीव में ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया, 5 लोगों की मौत यूक्रेन की राजधानी कीव पर सोमवार तड़के रूस ने ड्रोन और मिसाइल से हमला किया। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। अब तक 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। यूक्रेनी इमरजेंसी सर्विस के अनुसार, हमला एक अपार्टमेंट बिल्डिंग पर हुआ जिससे उसकी पांच मंजिलों में से एक गिर गई। राहत और बचाव दल मलबे के नीचे फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। हमले में कीव के कई इलाकों में रिहायशी इमारतों, अस्पतालों और खेल केंद्रों को नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा तबाही शेवचेनकिवस्की जिले में हुई। इसके अलावा कीव से करीब 85 किलोमीटर दूर बिला त्सेरक्वा शहर में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। फ्रांस में हमलावरों ने दुल्हा-दुल्हन पर गोली चलाई; दुल्हन की मौत, दुल्हा घायल फ्रांस के एक छोटे से गांव गौल्ट में शादी के दौरान कुछ नकाबपोश हमलावरों ने दूल्हा-दुल्हन पर गोलियां चला दीं। इस हमले में दुल्हन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूल्हा और एक 13 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। एक हमलावर भी इस फायरिंग में मारा गया। पुलिस का कहना है कि बाकी हमलावर मौके से भाग निकले हैं और उनकी तलाश जारी है। यह घटना रविवार सुबह करीब 4:30 बजे (फ्रांस का समय) हुई, जब 27 साल की दुल्हन और 25 साल का दूल्हा शादी के समारोह से बाहर निकल रहे थे। तभी कुछ लोग तीन गाड़ियों में आए और फायरिंग शुरू कर दी।घटना के समय शादी हॉल में 28 लोग मौजूद थे। पुलिस को शक है कि यह हमला नशे के कारोबार से जुड़ी पुरानी दुश्मनी के कारण हुआ है।