लगातार तीसरे दिन शाम ढलते ही बारिश

भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा शहर में गत तीन-चार दिन से प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को दिन में मौसम के तीन रूप देखने को मिले। सुबह से दोपहर तक बादल छाए रहे। इसके बाद धूप निकली तो शाम को बारिश का दौर शुरू हो गए। प्री-मानसून के सक्रिय होने के बाद अब मानसून धीरे-धीरे भीलवाड़ा की तरफ बढ़ रहा है। इस बार मानसून 25 जून के आसपास प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा और उसी दिन भीलवाड़ा भी पहुंचने की संभावना है। मंगलवार दोपहर बाद मौसम साफ हुआ और धूप निकली, लेकिन यह भी अधिक देर तक टीक नहीं सकी और फिर से बादल हो गए। शाम को तेज हवा चलने के कारण से बापू नगर सेक्टर ए में शिव मंदिर में लगा वर्षों पुराना पेड़ गिर गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.3 व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 35.1 व न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में दिन के तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। वहीं रात के तापमान में कोई विशेष फर्क नहीं आया।