रिटायर्ड ASP साइबर ठगों के जाल में फंसे:नेट की स्पीड बढ़ाने के लिए 2 घंटे फोन पर होल्ड रखा; 5 लाख से ज्यादा रुपए ठगे

रिटायर्ड ASP साइबर ठगों के जाल में फंसे:नेट की स्पीड बढ़ाने के लिए 2 घंटे फोन पर होल्ड रखा; 5 लाख से ज्यादा रुपए ठगे
अजमेर के रिटायर्ड एडिशनल एसपी लोकेश त्रिपाठी साइबर ठगों के जाल में फंस गए। ठगों ने रिटायर्ड ASP को नेट की स्पीड बढ़ाने को लेकर फंसाया और उनके खाते से 5 लाख 60 हजार रुपए निकाल लिए। ठग करीब 2 घंटे तक मोबाइल से उनके संपर्क में रहा। इस बीच दो बार मोबाइल की स्क्रीन दो बार ब्लैक भी हो गई। तब ठग ने रिटायर्ड ASP को होल्ड पर ही रहने को कहा। स्क्रीन सामान्य होने के बाद ठगी का पता चला। ठग ने खुद को जियो फाइबर मुंबई का कर्मचारी बताया शहर के पंचशील नगर में रहने वाले ठगी का शिकार रिटायर्ड ASP ने बताया- 8 जून को घर में लगे वाईफाई (जियो) की रेंज बढ़ाने के लिए गुगल से जियो फाइबर की हेल्पलाइन के नंबर लिए थे। हेल्पलाइन का नंबर बिजी होने पर कट गया। कुछ देर बाद रात 9.30 फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को जियो फाइबर मुंबई का कर्मचारी बताया। उसने जियो से संबंधित समस्या की जानकारी ली। उसे वाईफाई की रेंज बढ़ाने के लिए कहा। फोन करने वाले ने अपने सिस्टम पर चेक करने की बात कही। इसके बाद बोला- आपकी नेट स्पीड और रेंज दोनों ही बढ़ानी है। इस प्रक्रिया में 10-15 मिनट लगेंगे। आप राउटर के पास ही रहे। इस बीच अचानक मेरे मोबाइल की स्क्रीन काली हो गई। करीब 20 मिनट के बाद वापस स्क्रीन सामान्य हो गई। ठग ने स्पीड चैक करने को कहा। स्पीड चैक की तो, वह तेज लगी। जियो खाते में 10 रुपए का रिचार्ज करवाया नेट स्पीड के बाद रेंज बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा और अपने जियो खाते में 10 रुपए का रिचार्ज करने के लिए बोला। रिचार्ज जियो खाते में गुगल-पे के माध्यम से किया गया। इसके बाद मोबाइल स्क्रीन वापस काली हो गई। उस पर लिखा हुआ था कि रेंज बढ़ाने में समय लगेगा। आप किसी प्रकार के बटन को न दबाए। करीब पौन घंटे स्क्रीन काली रहने के बाद सामान्य हो गई। ठगों ने 5 ट्रांजैक्शन कर रुपए निकाले स्क्रीन सामान्य होने पर फोन कटने के तुरंत बाद खाते से 5 ट्रांजैक्शन से 5,62,675.56 विड्रोल का मैसेज मिला। बैंक से संपर्क कर खाता फ्रिज करवाया और नेशनल साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस उपअधीक्षक नेमीचन्द ने बताया- मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर रहे है।