प्लास्टिक कचरे से बनाया फर्नीचर, दावा-100 साल तक टिकेगा:चायवाले की अनोखी मुहिम; थ्री इडियट वाले IITian सोनम वांगचुक ने की तारीफ

प्लास्टिक कचरे से बनाया फर्नीचर, दावा-100 साल तक टिकेगा:चायवाले की अनोखी मुहिम; थ्री इडियट वाले IITian सोनम वांगचुक ने की तारीफ
पाली में एक चायवाले ने पर्यावरण बचाने के लिए मुहिम चलाई। प्लास्टिक कचरा इकट्‌ठा कर उसने फर्नीचर बनाने की यूनिट शुरू की। करीब 5 साल में अब तक 10 टन कचरे से फर्नीचर बना चुका है। दावा है कि यह फर्नीचर 100 साल तक खराब नहीं होगा। बिसलपुर गांव के कानाराम मेवाड़ा (35) की मुहिम की तारीफ इंजीनियर सोनम वांगचुक भी कर चुके हैं। वांगचुक के जीवन पर आमिर खान स्टारर थ्री इडियट फिल्म बनी थी। पाली में 11 मार्च 2025 को सोनम वांगचुक ने कोनाराम की यूनिट पर विजिट किया था। चाय की दुकान चलाते थे, आइडिया को बनाया मिशन पाली के जवाई लेपर्ड एरिया के नजदीकी गांव के रहने वाले कानाराम की चाय की दुकान थी। वे देखते थे कि सफारी करने आए विजिटर्स प्लास्टिक का कचरा जंगल में ही छोड़ जाते हैं। जंगल को गंदा होता देख उनके मन में पीड़ा हुई। उन्होंने तय किया अपने गांव को प्लास्टिक मुक्त कर देंगे। ऐसा करने के लिए उन्हें आइडिया आया। वे अपनी दुकान के बाहर बोर्ड लगाने लगे। इस पर लिखा था- प्लास्टिक लाओ, पर्यावरण बचाओ, ईनाम पाओ। प्लास्टिक वेस्ट लाने वालों को दिया इनाम कानाराम ने बताया- मैंने 2020 में यह मुहिम शुरू की थी। बच्चों को प्लास्टिक वेस्ट के बदले मैं कॉपी, पेंसिल आदि गिफ्ट करता था। किसी को पैसे की जरूरत होती तो प्लास्टिक कचरे के बदले 20 रुपए देता। धीरे-धीरे बिसलपुर समेत 12 गांव के लोग मुहिम में शामिल हो गए। 5 साल में 10 टन कचरा इकट्‌ठा हो गया। इस कचरे से फर्नीचर बनाने का आइडिया आया। इस विचार को धरातल पर उतारने के लिए डीजेईडी फाउंडेशन के दिलीप जैन ने साथ दिया। दिलीप जैन भी बिसलपुर गांव के ही रहने वाले हैं। उनका फाउंडेशन (एनजीओ) पर्यावरण बचाने के लिए देशभर में काम करता है। फाउंडेशन के सहयोग से मैं फरवरी 2024 में प्लास्टिक वेस्ट से फर्नीचर बनाने वाली मशीन खरीदकर लाया। यह मशीन 10 लाख रुपए में आई। बिसलपुर में यूनिट की स्थापना की। इसके बाद जनवरी 2025 से बिसलपुर में ही यूनिट से फर्नीचर का निर्माण शुरू हो गया। सरकारी विभागों ने मेरा फर्नीचर खरीदा। अब जवाई बांध रेलवे स्टेशन पर बेंच लगाने का ऑर्डर मिला है। गांव-गांव पहुंची मुहिम, NGO भी जुड़ा कानाराम ने बताया- मेरी मुहिम से अब पाली जिले के बिसलपुर, बलवना, जवाई बांध, दूदनी, वरावल, बेडा, भाटूंद, सेणा और जीवदा के लोग भी जुड़े हैं। वे प्लास्टिक का कचरा लाते हैं। शुरू में मैं चाय की दुकान का काम का निपटाने के बाद इन गांवों में जाता और लोगों को प्लास्टिक के नुकसान के बारे में बताया था। सोनम वांगचुक और दीया मिर्जा ने की तारीफ कानाराम ने बताया- डीजेईडी फाउंडेशन एनजीओ की ओर से 10-11 मार्च को जवाई बांध एरिया में जल-जंगल की सुरक्षा के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें मैकेनिकल इंजीनियर सोनम वांगचुक और एक्ट्रेस दीया मिर्जा आए थे। दोनों ने मेरी पहल की काफी सराहना की। सोनम वांगचुक को साल 2018 में मैग्सेसे पुरस्कार मिल चुका है। साल 2009 में उनके किरदार पर आधारित फिल्म थ्री इडियट मूवी बनी थी। इसमें आमिर खान ने उनके कैरेक्टर का रोल प्ले किया था। अब तस्वीरों में देखिए- कानाराम की मुहिम...